Kawardha News: कवर्धा। कवर्धा जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में वरिष्ठ अधिवक्ता पोखराज परिहार ने शानदार जीत दर्ज करते हुए नया इतिहास रच दिया है। वे लगातार सातवीं बार अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित हुए हैं। अधिवक्ता संघ के करीब 70 वर्षों के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब किसी अधिवक्ता को सातवीं बार अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। चुनाव में अधिवक्ता संघ के कुल 180 पंजीकृत सदस्यों में से 172 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में पोखराज परिहार और प्रकाश चंद्रवंशी आमने-सामने थे। मतगणना के बाद पोखराज परिहार को 110 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्रकाश चंद्रवंशी को 62 मत प्राप्त हुए। इस तरह परिहार ने 48 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर अपनी मजबूत पकड़ साबित कर दी। परिणाम घोषित होते ही जिला न्यायालय परिसर में समर्थकों और अधिवक्ताओं के बीच उत्साह का माहौल बन गया। जीत की खुशी में अधिवक्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी और मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया। जूनियर अधिवक्ताओं के हित में करेंगे काम जीत के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष पोखराज परिहार ने कहा कि यह जीत केवल उनकी नहीं बल्कि पूरे कवर्धा बार परिवार की जीत है। उन्होंने कहा कि अपने सातवें कार्यकाल में वे विशेष रूप से जूनियर अधिवक्ताओं के लिए चैंबर निर्माण, स्टाइपेंड व्यवस्था लागू कराने और बार भवन को डिजिटल स्वरूप देने पर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य कवर्धा बार एसोसिएशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर छत्तीसगढ़ का मॉडल बार एसोसिएशन बनाना है। साथ ही अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा और न्यायिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। पोखराज परिहार की इस ऐतिहासिक जीत को अधिवक्ता समुदाय में अनुभव, नेतृत्व क्षमता और विश्वास की जीत के रूप में देखा जा रहा है। शेयर करें Post navigation CG News: छत्तीसगढ़ में 10.60 लाख से अधिक आवास पूर्ण, डिप्टी सीएम ने सीएम विष्णुदेव साय को लिखा आभार पत्र Bilaspur News: बिलासपुर-GPM खनिज टीम का संयुक्त अभियान, अवैध खनन कारोबारियों में मचा हड़कंप