Chhattisgarh Sakti News: सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में सरकारी देसी शराब दुकान से खरीदी गई सीलपैक शराब की बोतल में कीड़ा मिलने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद शराब उपभोक्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, डभरा स्थित शासकीय देशी शराब दुकान से गुरुवार को एक व्यक्ति ने प्लेन ब्रांड का पौवा खरीदा था। शराब पीने के लिए जब उसने बोतल खोली, तो उसके अंदर कीड़ा दिखाई दिया। इसके बाद उसने इसकी शिकायत दुकान के सेल्समैन से की और पूरे मामले का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वायरल वीडियो में बोतल के अंदर कथित तौर पर कीड़ा साफ दिखाई दे रहा है। गौरतलब है कि पिछले 10 दिनों के भीतर यह दूसरा ऐसा मामला है। इससे पहले बालोद जिले के तांदुला डैम के पास स्थित देसी शराब दुकान से खरीदी गई रोमियो ब्रांड की शराब की बोतल में कांच के टुकड़े मिलने का मामला सामने आया था। उस समय कांग्रेस जिला अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने वीडियो जारी कर गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे, जिसके बाद आबकारी विभाग ने जांच का आश्वासन दिया था। मामले को लेकर स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी दुकानों में बिकने वाली शराब की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करना विभाग की जिम्मेदारी है। उपभोक्ताओं का कहना है कि पैकेजिंग और गुणवत्ता नियंत्रण में लापरवाही गंभीर चिंता का विषय है तथा ग्राहकों की सुरक्षा के लिए नियमित जांच जरूरी है। हालांकि जानकारों का मानना है कि पैकिंग के दौरान तकनीकी खामी, रखरखाव में कमी या अन्य कारणों से ऐसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। लेकिन केवल वायरल वीडियो के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। संबंधित बोतल की लैब जांच और विभागीय परीक्षण के बाद ही वास्तविक तथ्य सामने आएंगे। स्थानीय लोगों ने आबकारी विभाग से मामले की त्वरित और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शिकायत सही पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं, इस संबंध में डभरा आबकारी वृत्त प्रभारी कोमल सिदार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। शेयर करें Post navigation Raipur News: शहरी आवास योजना में संशोधन: अब पहली किस्त से ही शुरू होगा तेजी से मकान निर्माण CG News: 5 मेडिकल कॉलेजों को NMC से नहीं मिली मान्यता, स्वास्थ्य मंत्री बोले- ‘कांग्रेस खुश न हो, मैच अभी बाकी है’