CG Weather Update: रायपुर। भीषण गर्मी और उमस से परेशान छत्तीसगढ़वासियों के लिए राहत भरी खबर है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री के लिए परिस्थितियां तेजी से अनुकूल हो रही हैं। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि अगले 3 से 4 दिनों में मानसून छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में प्रवेश कर सकता है। वहीं 11 जून से प्रदेशभर में बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाओं की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। अगले 3-4 दिनों में मानसून की रफ्तार बढ़ने के संकेत मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के कई हिस्सों में सक्रिय है और इसके आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। अगले कुछ दिनों में महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, बिहार, झारखंड सहित छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में मानसून पहुंच सकता है। सक्रिय मौसम प्रणालियों का असर प्रदेश में मौसम परिवर्तन के पीछे कई सक्रिय प्रणालियां जिम्मेदार हैं। पंजाब से पश्चिम बंगाल तक द्रोणिका बनी हुई है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा एक अन्य द्रोणिका छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्यप्रदेश होते हुए विदर्भ तक फैली हुई है। इन प्रणालियों से प्रदेश में नमी बढ़ रही है। कई जिलों में हुई बारिश पिछले 24 घंटों में अंबिकापुर में 2 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा रायगढ़, बलरामपुर, सरगुजा, गरियाबंद और सारंगढ़-बिलाईगढ़ के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई है। तापमान का हाल प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 44 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रहा। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 11 जून से बढ़ेंगी बारिश और मेघगर्जन की गतिविधियां मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश, वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है। गर्मी से मिलेगी राहत मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों के बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे प्रदेशवासियों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। रायपुर में बारिश और अंधड़ के आसार राजधानी रायपुर में 11 जून को आंशिक बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और अंधड़ चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। शेयर करें Post navigation Durg News: महिला से अश्लील हरकत और धमकी के आरोप में कांग्रेस नेता समेत तीन गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल Raipur News: स्व-घोषणा आधारित व्यवस्था लागू, गलत जानकारी देने पर नियोक्ता होगा जिम्मेदार