Chhattisgarh Bijapur News

Chhattisgarh Bijapur News: बीजापुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कभी नक्सलियों का गढ़ मानी जाने वाली कर्रेगुटा की दुर्गम पहाड़ियों पर स्थापित एफओबी ताड़पाला में 196वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा भव्य एवं ऐतिहासिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिचालन रेंज बीजापुर के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) बहादुर सिंह नेगी ने की।

कर्रेगुटा की ऊँचाइयों से इस अवसर पर स्वास्थ्य, अनुशासन और आत्मबल का संदेश गूंजा। “योगमय हो हर जवान, स्वस्थ हो हिंदुस्तान” के संकल्प के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में कमांडेंट कुमार मनीष के नेतृत्व में परिचालन रेंज बीजापुर की विभिन्न बटालियनों के अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रातःकालीन सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। प्राकृतिक सौंदर्य और शांत वातावरण से घिरी कर्रेगुटा की पहाड़ी पर आयोजित इस विशेष योग सत्र ने जवानों और अधिकारियों को नई ऊर्जा, सकारात्मकता और मानसिक संतुलन का अनुभव कराया।

read more: Bijapur News: भैरमगढ़ जलाशय के जीर्णोद्धार कार्य में तेजी, 69 प्रतिशत काम पूरा, 134 हेक्टेयर भूमि होगी सिंचित

इस अवसर पर डीआईजी बहादुर सिंह नेगी ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने सभी अधिकारियों और जवानों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि व्यस्त दिनचर्या के बीच भी प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए अवश्य निकालना चाहिए, जिससे व्यक्ति मानसिक रूप से अधिक एकाग्र और शारीरिक रूप से अधिक सशक्त बन सके।

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने तथा समाज में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया। यह आयोजन न केवल योग के प्रति समर्पण का प्रतीक बना, बल्कि सुरक्षा बलों की स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का भी सशक्त संदेश लेकर सामने आया।

शेयर करें

By admin