MI New Head Coach: मुंबई: आईपीएल की पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने आगामी सीजन से पहले अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव किया है। टीम के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर कायरन पोलार्ड को नया हेड कोच नियुक्त किया गया है। इससे पहले पोलार्ड टीम के बैटिंग कोच की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया के जरिए इस नियुक्ति की जानकारी दी। पोलार्ड अब महेला जयवर्धने की जगह टीम की कमान संभालेंगे, जिन्होंने हाल ही में हेड कोच का पद छोड़ दिया था। कायरन पोलार्ड ने जताई खुशी मुंबई इंडियंस का हेड कोच बनाए जाने पर कायरन पोलार्ड ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि इस फ्रेंचाइजी का हेड कोच बनना उनके लिए बड़े सम्मान की बात है। मुंबई इंडियंस उनके जीवन और करियर का अहम हिस्सा रही है। उन्होंने इस टीम के साथ खिलाड़ी और फिर कोच के रूप में लंबा सफर तय किया है। पोलार्ड ने नीता अंबानी, आकाश अंबानी और पूरे एमआई परिवार का भरोसा जताने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के साथ मिलकर टीम की विरासत को आगे बढ़ाने और अपनी पलटन को जश्न मनाने के और मौके देने के लिए तैयार हैं। मुंबई इंडियंस के साथ रहा है लंबा जुड़ाव कायरन पोलार्ड मुंबई इंडियंस के सबसे चर्चित खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं। खिलाड़ी के तौर पर उन्होंने टीम की कई खिताबी सफलताओं में अहम भूमिका निभाई। क्रिकेट से जुड़ी अपनी नई भूमिका में वह पहले बैटिंग कोच के तौर पर काम कर रहे थे। अब हेड कोच की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके सामने टीम को एक बार फिर आईपीएल चैंपियन बनाने की चुनौती होगी। दुनियाभर में मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी का दबदबा रिलायंस इंडस्ट्रीज के स्वामित्व वाली मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी का विस्तार आईपीएल से आगे भी है। इसकी टीमें दुनिया की कई टी20 लीग में हिस्सा लेती हैं। फ्रेंचाइजी ने पुरुष और महिला क्रिकेट के विभिन्न टूर्नामेंट में अब तक कुल 13 खिताब जीते हैं। इनमें आईपीएल की पांच ट्रॉफियों के अलावा महिला प्रीमियर लीग (WPL), चैंपियंस लीग, मेजर लीग क्रिकेट (MLC), ILT20 और SA20 जैसे टूर्नामेंट के खिताब शामिल हैं। अब पोलार्ड के नेतृत्व में टीम के प्रदर्शन पर सभी की नजरें रहेंगी। टी20 क्रिकेट में पोलार्ड के शानदार आंकड़े कायरन पोलार्ड टी20 क्रिकेट के सबसे विस्फोटक ऑलराउंडरों में गिने जाते हैं। उन्होंने दुनियाभर की टी20 लीग और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों को मिलाकर 754 मैच खेले हैं। इन मुकाबलों में उनके नाम 14,999 रन दर्ज हैं। उनका बल्लेबाजी औसत लगभग 31.71 और स्ट्राइक रेट 150 से अधिक रहा है। पोलार्ड ने टी20 क्रिकेट में 1,000 से ज्यादा छक्के लगाए हैं। गेंदबाजी में भी उन्होंने अपनी उपयोगिता साबित करते हुए 341 विकेट हासिल किए हैं। उनके अनुभव और टी20 क्रिकेट की समझ का फायदा अब मुंबई इंडियंस को बतौर हेड कोच मिलने की उम्मीद है। शेयर करें Post navigation BCCI का बड़ा फैसला: 2 टी20 इंटरनेशनल खेलने वाले परविंदर अवाना बने जूनियर चयन समिति के अध्यक्ष