Amitabh Bachchan Health Update: मुंबई: बॉलीवुड के मेगास्टार अमिताभ बच्चन की तबीयत को लेकर उनके प्रशंसक चिंतित हैं। हाल ही में बिग बी ने सोशल मीडिया से ब्रेक लेने की जानकारी दी थी। अब उन्होंने अपने ब्लॉग पर एक नया पोस्ट साझा करते हुए बताया है कि उन्हें अभी और आराम की जरूरत है। अमिताभ बच्चन ने अपनी सेहत के बारे में जानकारी देते हुए मानव शरीर और उसकी विशेषताओं पर भी विचार साझा किए हैं।

अमिताभ बच्चन ने बताया, अभी और आराम की जरूरत

अमिताभ बच्चन ने अपने टंबलर ब्लॉग पर लिखा, “अभी और आराम की जरूरत है… तालमेल बिठा रहा हूं और मानव शरीर और उसकी अनोखी खूबी के बारे में सोच-विचार कर रहा हूं।” उनके इस पोस्ट के बाद प्रशंसक उनकी सेहत को लेकर चिंतित हैं। बिग बी आमतौर पर सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हैं और अपने करियर से लेकर निजी जिंदगी तक से जुड़ी बातें प्रशंसकों के साथ साझा करते हैं।

डॉक्टरों ने दी थी बेड रेस्ट की सलाह

इससे पहले बुधवार को अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर बताया था कि डॉक्टरों ने उन्हें पूरी तरह बेड रेस्ट करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा था कि उन्हें ठीक होने के लिए कुछ दिन आराम करने और छुट्टी लेने की जरूरत है। इसी वजह से वह फिलहाल कुछ भी लिख पाने की स्थिति में नहीं हैं।

अमिताभ बच्चन ने प्रशंसकों से मांगी थी माफी

बिग बी ने एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए लिखा था, “माफी चाहता हूं, क्षमा चाहता हूं। मुझे ठीक होने के लिए कुछ दिन आराम करने और छुट्टी लेने की सलाह दी गई है, इसलिए अभी मैं कुछ भी लिख पाने की स्थिति में नहीं हूं।” इससे पहले उन्होंने दशहरे की शुभकामनाएं देते हुए भी डॉक्टरों की सलाह का जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि उन्हें आराम करने और बातचीत सीमित रखने की हिदायत दी गई है।

‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ की शूटिंग के दौरान लगी थी चोट

कुछ दिनों पहले अमिताभ बच्चन ने बताया था कि टीवी क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ की शूटिंग के दौरान उनके घुटने में चोट लग गई थी। महीने की शुरुआत में शूटिंग के दौरान उनका पैर फिसल गया था, जिसके बाद उन्हें खड़े होने में परेशानी हो रही थी।

‘जलसा’ पर ग्रेनेड हमले की धमकी का भी जिक्र

अमिताभ बच्चन की सेहत से जुड़ा यह पोस्ट ऐसे समय सामने आया है, जब जॉन स्मिथ नाम की ईमेल आईडी से बीएमसी के मेयर और डिप्टी मेयर कार्यालय के साथ-साथ अमिताभ बच्चन के बांद्रा स्थित आवास ‘जलसा’ पर ग्रेनेड हमले की धमकी दिए जाने की खबर सामने आई है। हालांकि, अमिताभ बच्चन ने अपने हालिया पोस्ट में इस धमकी का जिक्र नहीं किया है।

शेयर करें

By admin