CG Durg Crime News: दुर्ग। मोहन नगर थाना क्षेत्र में 30 फीट गहरे पानी से भरे कुएं से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया। सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ (SDRF) दुर्ग की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और शव को बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

जानकारी के अनुसार, कंट्रोल रूम दुर्ग को मोहन नगर थाना क्षेत्र स्थित एक कुएं में व्यक्ति के डूबने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचकर टीम ने स्थिति का आकलन करने के बाद रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ के जवानों ने करीब 30 फीट गहरे कुएं से अज्ञात व्यक्ति के शव को बाहर निकाला। इसके बाद शव को आवश्यक कानूनी कार्रवाई और जांच के लिए स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया।

रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व प्रभारी ईश्वर खरे ने किया। अभियान में एसडीआरएफ के जवान चंद्रप्रताप, भूपेंद्र सिंह, थानेश्वर, राजेश यादव, रमेश, दिलीप, दिनेश, विनय और हेमराज मरावी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान और घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

शेयर करें

By admin