Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर राजधानी रायपुर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘नशामुक्त भारत’ के संदेश के साथ पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा की अगुवाई राज्यपाल रमेन डेका ने की। इस दौरान उन्होंने नागरिकों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सामूहिक भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

पदयात्रा का शुभारंभ टाउन हॉल परिसर से हुआ। यहां राज्यपाल रमेन डेका ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए अंबेडकर चौक पहुंची। रास्ते में राज्यपाल ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर भी पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया। अंबेडकर चौक पहुंचने पर उन्होंने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता और व्यापक जनजागरूकता जरूरी है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाकर उन्हें सही दिशा देना महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

पदयात्रा में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा और विधायक सुनील सोनी सहित जनप्रतिनिधि, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी, महिलाएं, युवा संगठन और बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। इस दौरान प्रतिभागियों ने स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक संकल्प लिया।

शेयर करें

By admin