CG Koriya News: कोरिया। जिले के सोनहत तहसील अंतर्गत ग्राम कटगोड़ी में भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की निर्मम हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। घटना के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में धारा 163 लागू कर दी है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुरानी रंजिश बनी खूनी वारदात की वजह जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर हुए विवाद के बाद रात करीब 10:30 बजे भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह अपने साथियों योगेन्द्र सिंह, विरेन्द्र सिंह, मयंक सिंह और नागेन्द्र सिंह के साथ ग्राम कटगोड़ी पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वे पुराने विवाद को लेकर मनोज त्रिपाठी के घर के सामने गए थे। इसी दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने भरत सिंह की फॉर्च्यूनर गाड़ी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। देखते ही देखते वाहन आग की लपटों में घिर गया, जिससे भरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। इलाज के दौरान दो और लोगों ने तोड़ा दम इस भयावह घटना में वाहन में मौजूद अन्य लोग भी गंभीर रूप से झुलस गए थे। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान नागेन्द्र सिंह और विरेन्द्र सिंह ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह इस खूनी घटना में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। बड़ी संख्या में लोग मृतकों के परिजनों के घर पहुंचकर संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। प्रशासन ने लागू की धारा 163 घटना के बाद किसी भी प्रकार की शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने महलपारा बैकुंठपुर, नौगई और कटगोड़ी स्थित भरत सिंह के क्रेशर प्लांट क्षेत्र में धारा 163 लागू करने के आदेश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार चिन्हित क्षेत्रों और उसके 300 मीटर दायरे में किसी भी प्रकार के घातक हथियार, विस्फोटक सामग्री, जुलूस, धरना-प्रदर्शन और आमसभा पर प्रतिबंध लगाया गया है। भड़काऊ गतिविधियों पर भी रोक प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रतिबंधित क्षेत्रों में किसी प्रकार के आपत्तिजनक नारे, पोस्टर, पर्चे या भड़काऊ सामग्री का वितरण नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया पर भी भड़काऊ संदेशों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने तथा स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश जारी घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हत्या और आगजनी की इस वारदात में शामिल आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी तीन लोगों की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और कानून-व्यवस्था किसी भी कीमत पर बिगड़ने नहीं दी जाएगी। शेयर करें Post navigation CG News: हवाई सर्वे नहीं, सड़क से सफर कर परखेंगे काम की गुणवत्ता, गडकरी के दौरे से पहले NHAI अलर्ट Raipur News: शाम को दिल्ली लौटेंगे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, एकदिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे