Chhattisgarh Latest News: रायपुर। कस्टम मिलिंग के तहत बस्तर जिले के लिए निर्धारित चावल जमा नहीं करने वाले रायपुर के राइस मिलर्स पर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। तय समय-सीमा बीतने के बाद भी चावल जमा नहीं करने पर 34 राइस मिलर्स को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वहीं, जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं मिलने पर आरंग विकासखंड के मंदिर हसौद स्थित कमल राइस मिल को 24 नवंबर को सील कर दिया गया। रायपुर जिले के मिलर्स पर बस्तर के लिए कुल 66,207.19 क्विंटल चावल जमा करना बाकी है।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार, कमल राइस मिल पर 5,526.90 क्विंटल चावल बकाया था। इसमें स्टेट पूल का 4,783.11 क्विंटल और सेंट्रल पूल का 743.79 क्विंटल चावल शामिल है। प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर स्टॉक और दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान गड़बड़ी सामने आने के बाद मिल को सील करने की कार्रवाई की गई।

पूरे जिले के बकाया चावल में स्टेट पूल का 11,221.68 क्विंटल और सेंट्रल पूल का 54,985.52 क्विंटल शामिल है। विभागीय सूची के अनुसार, कई बड़ी राइस मिलों पर भी हजारों क्विंटल चावल जमा करना बाकी है। इनमें कोणार्क इंडस्ट्रीज पर सबसे अधिक 14,248.52 क्विंटल, जनता एग्रो इंडस्ट्रीज पर 5,483.53 क्विंटल, विद्या श्री राइस मिल पर 2,695.74 क्विंटल, बालाजी पैडी प्रोसेसिंग पर 2,539.98 क्विंटल और स्वास्तिक एग्रो इंडस्ट्रीज पर 2,508.39 क्विंटल चावल बकाया है।

इसके अलावा सतनाम इंडस्ट्रीज पर 2,266.39 क्विंटल, मां मावली राइस इंडस्ट्रीज पर 2,193.56 क्विंटल, चंद्रा राइस मिल पर 2,157.22 क्विंटल, निर्मल ट्रेडर्स पर 2,062.55 क्विंटल और गिंदलानी राइस मिल पर 2,005.81 क्विंटल चावल जमा होना शेष है।

प्रशासन की बकाया सूची में भारती एग्रो टेक, कार्तिक इंडस्ट्रीज, श्री कृष्णा फूड एंड राइस, श्री जगन्नाथ राइस मिल, उमर रवि शर्मा ट्रेडिंग कंपनी, अपना बालाजी, अग्रसेन ट्रेडिंग कंपनी, कृष्णा इंडस्ट्रीज, शैलजा एंटरप्राइजेज, पीएएएम एंटरप्राइजेज, लाव्या ट्रेडर्स, अग्रवाल फूड्स, मधु पारबॉयल्ड इंडस्ट्रीज, श्री रेणुकदेव एग्रोटेक, सालासर रोड लाइंस, ओम प्रकाश राइस मिल, गोयल एनर्जी, गौरी राइस इंडस्ट्रीज, पीतांबरा फूड्स, राधा किशन एग्रोटेक और श्री श्याम राइस उद्योग सहित कुल 34 मिलर्स शामिल हैं।

प्रशासन ने संबंधित मिलर्स को बकाया चावल जल्द जमा करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में चावल जमा नहीं करने और अनियमितताएं पाए जाने पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसमें मिलों को सील करने जैसी कार्रवाई भी शामिल हो सकती है।

 

शेयर करें

By admin