Chhattisgarh Khairagarh News: खैरागढ़। जालबांधा के नवीन शासकीय महाविद्यालय के स्वतंत्र भवन निर्माण का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार अब खत्म होने की दिशा में है। उच्च शिक्षा विभाग ने कॉलेज भवन निर्माण के लिए 465.84 लाख रुपये यानी करीब 4.66 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी है। शासन के स्वीकृति आदेश में जालबांधा महाविद्यालय को भी शामिल किया गया है।

जालबांधा में कॉलेज के लिए स्वतंत्र और स्थायी भवन की मांग लंबे समय से उठती रही है। विद्यार्थियों और ग्रामीणों की इस मांग को लेकर जनभागीदारी समिति भी लगातार प्रयास कर रही थी। समिति अध्यक्ष जयप्रकाश साहू और सदस्यों ने शासन-प्रशासन के सामने कॉलेज के लिए स्थायी भवन की आवश्यकता रखी थी। अब प्रशासकीय स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण से पहले की विभागीय प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी, जिसके बाद भवन निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

स्वतंत्र भवन बनने के बाद जालबांधा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से कॉलेज आने वाले विद्यार्थियों को बेहतर और व्यवस्थित शैक्षणिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। स्थायी भवन से कॉलेज संचालन के लिए जरूरी सुविधाओं के विस्तार और अन्य शैक्षणिक संसाधनों के विकास का रास्ता भी खुल सकेगा।

प्रशासकीय स्वीकृति मिलने पर जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश साहू और सदस्यों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा, प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन और सांसद संतोष पाण्डेय सहित शासन-प्रशासन के प्रति आभार जताया।

जयप्रकाश साहू ने कहा कि 4.66 करोड़ रुपये की स्वीकृति जालबांधा और आसपास के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। स्वतंत्र भवन की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी और समिति के सभी सदस्यों ने मिलकर इस मांग को शासन के सामने लगातार रखा। अब स्वीकृति के बाद जरूरी विभागीय प्रक्रियाएं पूरी होने का इंतजार है, जिसके बाद भवन निर्माण की अगली कार्रवाई शुरू होगी।

शेयर करें

By admin