Chhattisgarh Dhamtari News: धमतरी। जिले के केरेगांव वन परिक्षेत्र के छुही बीट में इन दिनों एक दंतैल हाथी विचरण कर रहा है। हाथी की मौजूदगी से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में हड़कंप की स्थिति है। वन विभाग ने हाथी की लोकेशन मिलने के बाद आसपास के गांवों में अलर्ट जारी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की है। वन विभाग के मुताबिक दंतैल हाथी फिलहाल कक्ष क्रमांक P-143 के आसपास मौजूद है। उसके आगे बढ़कर जोगीडीह के आबादी क्षेत्र और धमतरी केरेगांव रेंज की ओर जाने की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए जोगीडीह, छुही, पीपरछेड़ी, बाजारकुर्रीडीह, साल्हेभाट, सिरौदकला और कमारपारा सहित आसपास के गांवों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बासीखाई, झुरातराई और भालुचुवा गांवों में भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। हाथी की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग की टीम लगातार इलाके की निगरानी कर रही है। पीपरछेड़ी, कमारपारा समेत प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथी दिखाई देने पर उसके करीब न जाएं और उसे किसी भी तरह परेशान न करें। हाथी की जानकारी तत्काल नजदीकी वन कर्मचारी को देने की अपील भी की गई है। बताया जा रहा है कि यह दंतैल हाथी गरियाबंद की ओर से उत्तर सिंगपुर होते हुए केरेगांव रेंज में पहुंचा है। हाथी की गतिविधियों को देखते हुए उसके आसपास करीब 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाली बस्तियों को सतर्क किया गया है। वन विभाग की टीम हाथी की लगातार निगरानी कर रही है और उसकी गतिविधियों के आधार पर ग्रामीणों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। शेयर करें Post navigation Bilaspur News: पति के अपहरण की आशंका पर हाईकोर्ट ने मांगी जांच रिपोर्ट, पुलिस को जारी किया नोटिस Raipur Crime News: रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 438 किलो गांजा और हजारों नशीली गोलियां फर्नेस में जलाकर नष्ट