Chhattisgarh Khairagarh News: खैरागढ़। जिले में अल्प वर्षा के कारण सूखे जैसे हालात का आरोप लगाते हुए सैकड़ों किसान जिला मुख्यालय पहुंचे। जिला किसान संघ के बैनर तले पहुंचे किसानों ने घंटों कलेक्ट्रेट के सामने सड़क पर बैठकर कलेक्टर का इंतजार किया। कलेक्टर के नहीं पहुंचने पर नाराज किसानों ने जिला मुख्यालय के गेट पर ही अपना ज्ञापन चस्पा कर दिया। किसानों ने प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए मांगें पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। किसानों का कहना है कि जिले में अल्पवर्षा के कारण खेती प्रभावित हुई है और कई इलाकों में अकाल जैसे हालात बन रहे हैं। किसानों ने जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग की है। इसके साथ ही सिंचाई के लिए 24 घंटे बिजली आपूर्ति करने और बिजली कटौती बंद करने की मांग रखी गई है। किसानों ने सिंचाई समस्या के स्थायी समाधान के लिए देवास मॉडल लागू करने की मांग भी की है। किसान नेता सुदेश टिकम ने कहा कि सिंचाई के नाम पर ऐसी परियोजनाएं लाई जाती हैं, जिनसे गांवों के डूबने और लोगों के विस्थापन की स्थिति बनती है। किसानों की मांग है कि पर्यावरण के अनुकूल और टिकाऊ सिंचाई व्यवस्था तैयार की जाए। किसानों ने अपने ज्ञापन में धान के समर्थन मूल्य और पिछली खरीदी के अंतर की राशि से जुड़ी मांगें भी रखी हैं। किसानों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर शासन-प्रशासन से संवाद करने जिला मुख्यालय पहुंचे थे, लेकिन कलेक्टर के नहीं पहुंचने से किसानों में नाराजगी बढ़ गई। किसानों ने प्रशासन को मांगों पर कार्रवाई के लिए एक सप्ताह का समय दिया है। किसानों का कहना है कि निर्धारित अवधि में उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। शेयर करें Post navigation Raipur News: गुरुकुल महिला महाविद्यालय में नशामुक्ति अभियान का शुभारंभ, युवाओं ने लिया नशामुक्त जीवन का संकल्प Raipur News: GST विभागीय परीक्षा रद्द होने पर आमने-सामने सरकार और कांग्रेस, बैज ने उठाए सवाल