Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। गणेश चतुर्थी के अवसर पर राजधानी रायपुर का ऐतिहासिक गोल बाजार गणपति बप्पा की भक्ति और उत्सव के उल्लास से सराबोर रहा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गोल बाजार पहुंचकर श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति द्वारा विराजित भगवान श्री गणेश के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान गणेश को करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये से अधिक कीमत का स्वर्ण मुकुट पहनाया और प्रदेश के प्रत्येक परिवार के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गोल बाजार स्थित हनुमान मंदिर के समीप गणेशोत्सव पंडाल में पहुंचकर भगवान श्री गणेश को स्वर्ण मुकुट पहनाया और तिलक लगाकर पूजा-अर्चना की। मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने भगवान गणेश की आरती उतारी और विघ्नविनायक से प्रदेश की प्रगति, समृद्धि और प्रदेशवासियों के मंगलमय जीवन का आशीर्वाद मांगा। बताया गया कि भगवान गणेश को पहनाए गए स्वर्ण मुकुट का वजन करीब 771 ग्राम है और इसकी कीमत लगभग 1 करोड़ 15 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। मुख्यमंत्री ने मुकुट पहनाने के बाद पूजा-अर्चना कर भगवान गणेश से छत्तीसगढ़ के विकास और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भगवान श्री गणेश प्रथम पूज्य, विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। गणेशोत्सव केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि समाज को एक सूत्र में जोड़ने वाली समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि गणपति बप्पा की कृपा से छत्तीसगढ़ निरंतर विकास और समृद्धि के पथ पर आगे बढ़े तथा प्रदेश के हर घर-परिवार में सुख और खुशहाली का वास हो। मुख्यमंत्री ने गोल बाजार में 117 वर्षों से चली आ रही गणेशोत्सव की परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि पीढ़ी-दर-पीढ़ी आस्था और सामाजिक सहभागिता के साथ किसी सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत बनाए रखना विशेष बात है। ऐसी परंपराएं हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने का काम करती हैं। उल्लेखनीय है कि राजधानी के ऐतिहासिक गोल बाजार स्थित हनुमान मंदिर के समीप श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति द्वारा पिछले 117 वर्षों से गणेश चतुर्थी के अवसर पर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। यहां विराजित गणेश प्रतिमा अपनी भव्यता और आकर्षक स्वरूप के कारण पूरे रायपुर में श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहती है। गणेशोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान गणेश के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। मुख्यमंत्री के गोल बाजार पहुंचने पर गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारियों, स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की मंगलध्वनि और गणपति बप्पा के जयकारों के बीच मुख्यमंत्री का फूल-मालाओं से अभिनंदन किया गया। समिति के पदाधिकारियों ने उन्हें गजमाला पहनाकर स्वागत किया। पूरे परिसर में भक्तिमय और उत्सव का माहौल बना रहा। भगवान गणेश के दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गोल बाजार में स्थित 150 वर्ष से अधिक पुराने हनुमान मंदिर भी पहुंचे। उन्होंने भगवान हनुमान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। इस अवसर पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, श्रीचंद सुंदरानी, केदार गुप्ता, छगन मूंदड़ा, अमरजीत छाबड़ा सहित गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, व्यापारीगण और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। शेयर करें Post navigation Surajpur News: चांद के बेहद करीब नजर आया चमकीला तारा, अनोखा नजारा देख ठहर गईं लोगों की नजरें Balrampur News: ABPA ने सरगुजा संभाग में की नई नियुक्तियां, उदय पण्डो को संयोजक और रूपेश यादव को बनाया संभाग अध्यक्ष