Hanuman Ansh Tax Free in CG: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के जोरा मॉल स्थित सिनेमाघर में सपरिवार फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी सपरिवार मौजूद रहे। फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री साय ने ‘हनुमान अंश’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा से समाज को परिचित कराने वाली प्रेरणादायी फिल्मों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना चाहिए। फिल्म को टैक्स फ्री करने से प्रदेश के ज्यादा दर्शकों, खासकर युवाओं को भारत की समृद्ध संत परंपरा और उसके जीवन मूल्यों को जानने का अवसर मिलेगा। संत परंपरा ने समाज को दिया सत्य और सेवा का संदेश मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारत की संत परंपरा ने सदैव समाज को सत्य, सेवा, करुणा, प्रेम और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया है। संतों ने अपने जीवन और आचरण के माध्यम से मानवता और लोककल्याण का संदेश दिया है। नीम करौली बाबा का जीवन भी इसी महान परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने कहा कि नीम करौली बाबा ने सरल जीवन और सहज शब्दों के माध्यम से प्रेम, सेवा और भक्ति का संदेश दिया। उनके विचारों में मानवता और सभी के प्रति समान भाव सर्वोपरि रहा। उनका संदेश आज भी प्रासंगिक है और समाज को सकारात्मक दिशा देने की क्षमता रखता है। सिनेमा संस्कार और विचार पहुंचाने का प्रभावी माध्यम मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्माता, निर्देशक, कलाकारों और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज तक विचार, संस्कार और प्रेरणा पहुंचाने का प्रभावी माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा पर आधारित सकारात्मक फिल्में नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और मानवीय मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। ‘हनुमान अंश’ में नीम करौली बाबा के जीवन की झलक मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक शक्ति उसकी हजारों वर्षों पुरानी परंपराओं और जीवन मूल्यों में निहित है। सेवा, करुणा, सद्भाव और मानव कल्याण जैसे मूल्यों को आगे बढ़ाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्में इन मूल्यों को सरल और प्रभावी तरीके से समाज तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास हैं। उल्लेखनीय है कि फिल्म ‘हनुमान अंश’ नीम करौली बाबा के जीवन, उनकी आध्यात्मिक यात्रा तथा सेवा और भक्ति के संदेश पर आधारित है। मंत्रिपरिषद के सदस्य भी रहे मौजूद फिल्म देखने के दौरान मंत्रिपरिषद के सदस्य, विभिन्न निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्ष और अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री साय ने फिल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत से जुड़े विषयों पर सकारात्मक सिनेमा को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। शेयर करें Post navigation Rajnandgaon News: निर्धारित दर से अधिक कीमत पर शराब बिक्री, आबकारी उप निरीक्षक पर गिरी गाज Raipur News: जोरा मॉल के सामने पिकअप से मिला 650 किलो संदिग्ध पनीर, विभाग ने लिए सैंपल