Chhattisgarh Bilaspur News : बिलासपुर। जिले के भरनी स्थित सीआरपीएफ कैंप में आरक्षक का शव पेड़ पर फांसी से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 33 वर्षीय जयप्रकाश गहिर के रूप में हुई है, जो ओडिशा के बलांगीर जिले के ग्राम करबहाली के निवासी थे। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब 15 वर्षों से भरनी स्थित सीआरपीएफ कैंप में तैनात थे।

सकरी थाना प्रभारी उमेश साहू के मुताबिक, जयप्रकाश शुक्रवार सुबह ड्यूटी खत्म करने के बाद कैंप से लापता हो गए थे। वह अपने घर भी नहीं पहुंचे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद वह घर से बाहर निकल गए और फिर वापस नहीं लौटे।

जानकारी के मुताबिक, कुछ लोगों ने भरनी स्थित केंद्रीय विद्यालय के पास एक पेड़ पर आरक्षक का शव फांसी से लटका देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सीआरपीएफ के अधिकारी और जवान भी घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस फिलहाल हर संभावित पहलू से मामले की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।

शेयर करें

By admin