Chhattisgarh Balrampur News: बलरामपुर। जिले के रामपुर यादवपारा मार्ग पर बदहाल सड़क एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है। शुक्रवार देर रात करीब 12:58 बजे हुए सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक चंपापुर निवासी अपने रिश्तेदार के घर से वापस लौट रहा था। इसी दौरान करीब 14 दिनों से टूटी पड़ी सड़क के बड़े-बड़े गड्ढों और अंधेरे के बीच उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरी। हादसे के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क की बदहाली लंबे समय से बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं और रात के समय पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने के कारण वाहन चालकों के लिए खतरा और बढ़ जाता है। ग्रामीणों के मुताबिक इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत को लेकर लगातार मांग की जा रही थी। इसके लिए आवेदन भी दिए गए और सड़क की स्थिति से होने वाले संभावित हादसों को लेकर जिम्मेदार विभाग को अवगत कराया गया था। इसके बावजूद समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत करा दी जाती और रात के समय पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था होती, तो शायद हादसे को टाला जा सकता था। युवक की मौत के बाद अब ग्रामीणों में प्रशासन और संबंधित विभाग के प्रति भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि 48 घंटे के भीतर सड़क की मरम्मत का काम शुरू नहीं किया गया, तो वे सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि मामला अब सिर्फ सड़क की खराब स्थिति का नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा और जिम्मेदारी तय करने का भी है। हादसे के बाद क्षेत्र में यह सवाल उठ रहा है कि सड़क की शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं हुई और आखिर कब तक बदहाल सड़क लोगों की जान के लिए खतरा बनी रहेगी। शेयर करें Post navigation Raipur News: हास्य योग के साथ ऑनलाइन मना कृष्ण जन्मोत्सव, देश के 19 राज्यों की संस्थाओं ने की सहभागिता Sukma News: साइबर जागृति अभियान से जुड़े ए.आर. रहमान, वीडियो संदेश जारी कर लोगों को किया जागरूक