SECL Nari Raag-Rang Mahotsav 2026: बिलासपुर। श्रद्धा महिला मंडल, एसईसीएल के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय ‘एसईसीएल नारी राग-रंग महोत्सव 2026’ का शनिवार को एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर में भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन एवं श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा शशि दुहन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास सहित श्रद्धा महिला मंडल की उपाध्यक्ष अनीता फ्रैंकलिन, इप्सिता दास और शुभश्री महापात्र विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में श्रद्धा महिला मंडल की पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्याएं, एसईसीएल के कर्मचारी एवं उनके परिजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे। महोत्सव के दूसरे दिन समूह गायन, समूह नृत्य, स्टैंड-अप कॉमेडी/मिमिक्री तथा नाटक/स्किट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे आयोजन में उत्साह और गरिमा का माहौल बनाए रखा। इस अवसर पर हरीश दुहन ने कहा कि “नारी राग-रंग महोत्सव का उद्देश्य महिलाओं के भीतर छिपी प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना है। प्रतिभागियों के उत्साह और उत्कृष्ट प्रस्तुतियों ने साबित कर दिया है कि यह आयोजन अपने उद्देश्य में सफल रहा है। भविष्य में भी महिलाओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास और सृजनात्मकता को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।” समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए गए। साथ ही कार्यक्रम के सफल आयोजन में योगदान देने वाले निर्णायकों को भी सम्मानित किया गया। दो दिवसीय इस महोत्सव ने महिलाओं को अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और अभिव्यक्ति को प्रदर्शित करने का प्रभावी मंच प्रदान किया। आयोजन ने प्रतिभागियों के आत्मविश्वास को नई ऊर्जा देने के साथ ही सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रति उनके उत्साह को भी बढ़ावा दिया। शेयर करें Post navigation Raipur News: नया रायपुर में कुष्ठ उन्मूलन पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला शुरू Chhattisgarh News: 291 किमी लंबी रेल लाइन बदलेगी जशपुर की तस्वीर, किसानों-युवाओं को मिलेगा बड़ा फायदा