Chhattisgarh Raipur Paneer Seized: रायपुर। राजधानी रायपुर रेलवे स्टेशन पर खाद्य सुरक्षा विभाग और रेलवे अधिकारियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अमरकंटक एक्सप्रेस से लाई गई करीब 500 किलो पनीर की खेप जब्त कर ली। यह खेप भोपाल से 10 बड़े डिब्बों में भरकर रायपुर लाई गई थी। अधिकारियों ने मौके पर पनीर के नमूने लेकर उन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिया है। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों के अनुसार, पहले से मिली सूचना के आधार पर टीम ने रेलवे स्टेशन पर निगरानी रखी हुई थी। ट्रेन पहुंचते ही 10 बड़े डिब्बों में रखी पनीर की खेप को कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू की गई।

किस व्यापारी ने मंगाया था, जांच जारी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह पनीर शहर के होटलों, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सप्लाई किया जाना था। खाद्य सुरक्षा विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि खेप किस व्यापारी ने मंगाई थी और इसे किन-किन स्थानों पर भेजा जाना था।

लैब रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला में पनीर की गुणवत्ता और खाद्य मानकों की जांच की जा रही है। यदि जांच में उत्पाद निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरता या किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डेयरी एनालॉग उत्पादों पर पहले से है प्रतिबंध

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने राज्य में ऐसे “डेयरी एनालॉग” या गैर-दुग्ध उत्पादों के निर्माण, प्रसंस्करण, भंडारण, परिवहन, वितरण और बिक्री पर प्रतिबंध लगाया हुआ है, जो असली दुग्ध उत्पाद होने का भ्रम पैदा करते हैं।

यह प्रतिबंध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 18 और 30 के तहत लागू किया गया है। इसके तहत ऐसे पनीर, क्रीम और मक्खन जैसे उत्पादों पर रोक है, जिनमें दूध के स्थान पर वनस्पति वसा, वनस्पति तेल या अन्य गैर-दुग्ध सामग्री का उपयोग किया जाता है और जिनकी पैकेजिंग या लेबलिंग उपभोक्ताओं को भ्रमित करती है।

हालांकि, फ्रोजन डेजर्ट, प्रोसेस्ड चीज़ और मिक्स्ड फैट स्प्रेड जैसे मानकीकृत उत्पाद इस प्रतिबंध के दायरे से बाहर रखे गए हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें

By admin