Chhattisgarh Korba News : कोरबा। मानसून की अच्छी बारिश के चलते बांगो बांध का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। वर्तमान में बांध अपनी कुल क्षमता का 84.44 प्रतिशत भर चुका है और पूर्ण जलभराव से अब केवल 2.66 मीटर दूर है। कोरिया जिले में हो रही लगातार बारिश के कारण प्रतिदिन करीब आठ सेंटीमीटर पानी की आवक हो रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि अगस्त के अंत तक बांध पूरी तरह भर जाएगा। 15 जून से अब तक जिले में औसतन 563.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। बांगो बांध की पूर्ण भराव क्षमता 359.66 मीटर है, जबकि वर्तमान जलस्तर 357 मीटर तक पहुंच चुका है। इस वर्ष बेहतर मानसून के कारण खेतों में सिंचाई के लिए अतिरिक्त पानी छोड़ने की जरूरत अभी तक नहीं पड़ी है। बांगो बांध का पानी रायगढ़, जांजगीर-चांपा सहित करीब 3.62 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि की सिंचाई, 24 छोटे-बड़े औद्योगिक संयंत्रों और शहरी पेयजल आपूर्ति के लिए उपयोग किया जाता है। दर्री बांध के माध्यम से शहर की करीब नौ लाख आबादी को भी पेयजल उपलब्ध कराया जाता है। बांध में लगे तीन हाइडल प्लांटों से पनबिजली उत्पादन के लिए क्रमवार पानी छोड़ा जा रहा है। वहीं, विशेषज्ञों का कहना है कि यदि मानसून इसी तरह सक्रिय रहा तो इस वर्ष किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा। साथ ही मत्स्य पालन और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। हालांकि, सिंचाई नहरों के जर्जर होने के कारण उनके जीर्णोद्धार की जरूरत भी महसूस की जा रही है। शेयर करें Post navigation Chhattisgarh Weather: छत्तीसगढ़ में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार, IMD ने जारी की चेतावनी Dhamtari News : ग्राहक बनकर आया शातिर, ज्वेलर्स दुकान से 4.45 लाख के सोने के ईयररिंग लेकर फरार