Chhattisgarh Korba News : कोरबा। कटघोरा नगर पालिका के अटल परिसर में स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी की प्रतिमा को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। तेज बारिश के बाद प्रतिमा का रंग उतरने से खुलासा हुआ कि कांसे की धातु से बनने वाली प्रतिमा कथित तौर पर सीमेंट से तैयार की गई थी और उसे कांसे जैसा रंग देकर स्थापित कर दिया गया था। मामला सामने आने के बाद नगर पालिका के उप अभियंता चंद्र प्रकाश जायसवाल को निलंबित कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, प्रतिमा स्थापना के लिए ठेकेदार को करीब 13 लाख रुपये का भुगतान किया गया था, जबकि अटल परिसर के निर्माण पर कुल 30 लाख रुपये खर्च किए गए। प्रतिमा स्थापित हुए अभी एक वर्ष भी पूरा नहीं हुआ था कि बारिश के बाद उसका रंग उखड़ने लगा। इसके बाद पूरे मामले पर सवाल खड़े हो गए।

घटना के विरोध में जिला युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अटल परिसर के सामने धरना प्रदर्शन किया और निर्माण कार्य में अनियमितता की जांच तथा जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मामले के तूल पकड़ने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नगर पालिका के उप अभियंता को निलंबित कर दिया है। अब प्रतिमा निर्माण में हुई कथित अनियमितताओं और गुणवत्ता संबंधी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें

By admin