Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित कृषि शिक्षक भर्ती से पहले राज्य सरकार की नई पात्रता शर्त हजारों कृषि स्नातकों के लिए चिंता का विषय बन गई है। सरकार ने कृषि शिक्षक पद पर भर्ती के लिए बी.एड. और टीईटी को अनिवार्य कर दिया है, जबकि प्रदेश के किसी भी कॉलेज में कृषि विषय का बी.एड. पाठ्यक्रम संचालित नहीं हो रहा है। ऐसे में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आवेदन से वंचित होने की आशंका जताई जा रही है। अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती कैलेंडर के अनुसार यदि 25 अक्टूबर 2026 से भर्ती प्रक्रिया शुरू होती है, तो प्रदेश के लगभग 90 प्रतिशत कृषि स्नातक आवेदन ही नहीं कर पाएंगे। उनका कहना है कि वर्ष 2019 से 2025 तक कृषि शिक्षक भर्ती में बी.एड. और टीईटी अनिवार्य नहीं थे। हालांकि 13 फरवरी 2026 को जारी राजपत्र अधिसूचना के बाद इन दोनों योग्यताओं को अनिवार्य कर दिया गया। कृषि स्नातकों का तर्क है कि जब प्रदेश में कृषि विषय में बी.एड. की व्यवस्था ही उपलब्ध नहीं है, तो इस शर्त को लागू करना व्यावहारिक नहीं है। इसी मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से मुलाकात कर नियम में संशोधन की मांग की है। उन्होंने सुझाव दिया है कि जब तक कृषि विषय में बी.एड. की व्यवस्था शुरू नहीं होती, तब तक पुरानी पात्रता के आधार पर भर्ती की जाए या चयन के बाद बी.एड. और टीईटी पूरा करने का अवसर दिया जाए। इधर, उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सीजी-सेट 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। आवेदन की अंतिम तिथि 17 अगस्त तय की गई है, जबकि परीक्षा 4 अक्टूबर को आयोजित होगी। इस बार परीक्षा में विषयों की संख्या 19 से बढ़ाकर 30 कर दी गई है। नए विषय शामिल होने से लोक कलाकारों, रंगकर्मियों, संगीत और योग जैसे क्षेत्रों से जुड़े अभ्यर्थियों को भी असिस्टेंट प्रोफेसर बनने और शोध के नए अवसर मिलेंगे। शेयर करें Post navigation Dhamtari News : एनीकट में मछली पकड़ने गया युवक बहा, 2 दिन बाद मिला शव Raipur News: छत्तीसगढ़ में किसानों को भरपूर खाद-बीज, 98% उर्वरक भंडारण के साथ खेती को मिली मजबूती