Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी रायपुर के संजय नगर में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत के मामले में एसआईटी जांच के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि परिवार का मुखिया साजिद अली सट्टेबाजी के कारण भारी कर्ज में डूब गया था। कर्ज का दबाव इतना बढ़ गया था कि कथित तौर पर उसने पहले पत्नी और बच्चों को जहर दिया और बाद में खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, साजिद अली ने पहले अपनी पत्नी राबिया, बेटे इरशाद, बेटी शाहिदा बेगम और इरशाबा परवीन को जहर दिया। इसके बाद वह पूरी रात शवों के पास बैठा रहा और करीब नौ घंटे बाद खुद फांसी लगाकर जान दे दी।

जांच में यह भी सामने आया है कि सट्टेबाजी में हुए नुकसान की भरपाई के लिए साजिद ने बाजार से ऊंची ब्याज दर पर करीब 16 लाख रुपये उधार लिए थे। समय पर रकम नहीं लौटाने के कारण कर्जदाता लगातार उस पर दबाव बना रहे थे और घर पहुंचकर धमकी भी दे रहे थे। एसआईटी आर्थिक कारणों के साथ-साथ पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है।

तकनीकी जांच में साजिद अली के मोबाइल से दो संदिग्ध मोबाइल नंबर भी मिले हैं, जिन पर उसकी लगातार बातचीत होती थी। पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई की रात भी इन नंबरों पर बातचीत हुई थी, जबकि 18 जुलाई को घर से पांचों के शव बरामद हुए। घटना के बाद से दोनों नंबर बंद हैं और पुलिस संबंधित लोगों की तलाश कर रही है।

पुलिस की जांच में यह भी पता चला है कि साजिद बैटरी निर्माण का विशेषज्ञ था, लेकिन पिछले करीब एक साल से उसने काम बंद कर दिया था। इसके बावजूद परिवार का खर्च चलता रहा। मोबाइल और बैंक खातों की जांच में आईपीएल के दौरान सट्टेबाजी से जुड़े लगातार वित्तीय लेन-देन के संकेत मिले हैं। फिलहाल एसआईटी सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

शेयर करें

By admin