Chhattisgarh Bastar News: जगदलपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस पर बस्तर संभाग में महिलाओं और किशोरियों की सुरक्षा को लेकर सामने आए आंकड़े चिंता बढ़ाने वाले हैं। वर्ष 2024 से अक्टूबर 2026 तक संभाग के सात जिलों में दुष्कर्म के 854 और अपहरण के 578 मामले दर्ज किए गए हैं। यानी इस अवधि में दोनों श्रेणियों में कुल 1,432 मामले सामने आए। सुरक्षा कैंपों का विस्तार और अंदरूनी गांवों तक सड़कों का निर्माण होने के बावजूद महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर प्रभावी रोक लगाना बड़ी चुनौती बना हुआ है।

नारायणपुर के एक गांव में नाबालिग बेटी के अचानक लापता होने से परिवार परेशान हो गया। घर का दरवाजा खुला था, लेकिन बेटी का कोई पता नहीं था। आसपास तलाश करने और रिश्तेदारों से पूछताछ के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली तो परिजनों ने पुलिस की मदद ली। तलाश के दौरान किशोरी सखी सेंटर में मिली। मामले में दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने 5 नवंबर को 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बेटी के मिल जाने के बावजूद परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।

बस्तर संभाग के सात जिलों के आंकड़ों पर नजर डालें तो जगदलपुर में दुष्कर्म के 244 और अपहरण के 177 मामले दर्ज हुए। कांकेर में दुष्कर्म के 201 और अपहरण के 120 मामले सामने आए, जबकि कोंडागांव में दुष्कर्म के 160 और अपहरण के 136 मामले दर्ज किए गए। बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा और नारायणपुर में भी इस अवधि के दौरान ऐसी घटनाएं सामने आईं।

महिलाओं और किशोरियों के शोषण से जुड़े मामलों में दोस्ती और शादी का झांसा देने की घटनाएं भी सामने आई हैं। बस्तर में मोबाइल पर बातचीत के दौरान एक किशोरी की युवक से पहचान हुई। आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा देकर अलग-अलग तारीखों में उसका शोषण किया। 1 सितंबर 2026 को शिकायत मिलने पर पुलिस ने उसी दिन आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

दंतेवाड़ा में भी 23 वर्षीय युवक पर मई 2025 से एक किशोरी को शादी का झांसा देकर शोषण करने का आरोप लगा। इस दौरान किशोरी गर्भवती हुई और उसने बच्चे को जन्म दिया। पुलिस ने 3 नवंबर 2026 को आरोपी को उसके गृहग्राम से गिरफ्तार किया।

बस्तर रेंज के आईजी बद्रीनारायण मीणा ने कहा कि महिलाओं और किशोरियों को अपने कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए। प्रताड़ना, अपहरण या दुष्कर्म जैसी घटनाओं को छिपाने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देनी चाहिए। उन्होंने बताया कि स्कूल-कॉलेजों में शक्ति टीम के माध्यम से पॉक्सो कानून और महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। समय पर सूचना मिलने से पुलिस त्वरित कार्रवाई कर सकती है। जागरूकता और कानून का भय अपराधों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 1999 में 25 नवंबर को महिलाओं के विरुद्ध हिंसा उन्मूलन का अंतरराष्ट्रीय दिवस घोषित किया था। यह दिन वर्ष 1960 में डोमिनिकन गणराज्य में तानाशाही के दौरान मारी गईं मिराबल बहनों की स्मृति में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य महिलाओं के खिलाफ हिंसा रोकने और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के अनुसार, छत्तीसगढ़ में महिलाओं के खिलाफ अपराध के दर्ज मामलों की संख्या वर्ष 2022 में 8,693, वर्ष 2023 में 8,035 और वर्ष 2024 में 8,601 रही। इन तीन वर्षों में कुल 25,329 मामले दर्ज किए गए। ये आंकड़े महिलाओं की सुरक्षा के लिए जागरूकता, प्रभावी निगरानी और त्वरित पुलिस कार्रवाई की जरूरत को रेखांकित करते हैं।

शेयर करें

By admin