Chhattisgarh Dhamtari News: धमतरी। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र में स्कूटी से घर लौट रही युवती का बाइक सवार दो युवकों ने कथित तौर पर अपहरण कर लिया। युवती के विरोध करने और शोर मचाने पर मुख्य आरोपी ने उसका मुंह दबाकर गाल पर दांत से काट दिया। हालांकि, परिजनों और ग्रामीणों की सतर्कता से युवती को सुरक्षित छुड़ा लिया गया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी पुष्पेंद्र यादव (20) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी मनमोहन साहू की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर की सुबह युवती होटल का सामान छोड़कर स्कूटी से घर लौट रही थी। इसी दौरान मेघा क्रिकेट मैदान के पास बाइक सवार मनमोहन साहू और उसका साथी पुष्पेंद्र यादव उसका पीछा करने लगे। ग्राम सेन्हाभाठा स्थित प्राथमिक शाला के पास दोनों ने युवती की स्कूटी के सामने बाइक अड़ाकर उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि मुख्य आरोपी मनमोहन साहू ने युवती के साथ बदसलूकी करते हुए उसे जबरन अपनी बाइक पर बैठा लिया। युवती ने विरोध किया और शोर मचाने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया। इस दौरान उसने युवती के गाल पर दांत से काटकर उसे घायल कर दिया। आरोपियों ने युवती को जान से मारने की धमकी भी दी। वारदात के बाद आरोपी युवती को परसवानी, भोथीडीह और राजिम के रास्ते बोरसी पुरैना मोड़ की ओर ले जा रहे थे। इसी बीच घटना की जानकारी मिलने पर युवती के परिजन और ग्रामीण सक्रिय हो गए। उन्होंने बोरसी पुरैना मोड़ के पास घेराबंदी कर दी। लोगों को एकत्रित होते देख मुख्य आरोपी मनमोहन साहू अपनी बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया। इस तरह युवती को सुरक्षित बचा लिया गया। पीड़िता की शिकायत पर मगरलोड पुलिस ने मामला दर्ज कर ग्राम गिरौद निवासी पुष्पेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 7 दिसंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं, फरार मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही है। शेयर करें Post navigation Chhattisgarh Latest News: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने गुजरात के नंद घरों का किया निरीक्षण, आंगनबाड़ी व्यवस्था की ली जानकारी Bastar Latest News: दोस्ती और शादी का झांसा देकर शोषण, बस्तर के सात जिलों में अपहरण के 578 मामले