Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़। रायपुर के मोवा स्थित आईस्पोर्टज बैडमिंटन एरीना में 5वीं मिनी राष्ट्रीय बैडमिंटन स्पर्धा का शुभारंभ हुआ। उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने छत्तीसगढ़ बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इसमें देश के 30 राज्यों के करीब 250 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। शुभारंभ के दौरान साव ने खिलाड़ियों से व्यक्तिगत परिचय प्राप्त किया और खेल से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। अरुण साव ने कहा कि बैडमिंटन केवल शारीरिक क्षमता का खेल नहीं है, बल्कि इसमें धैर्य, चपलता, एकाग्रता, तेज नजर और तुरंत निर्णय लेने की क्षमता भी जरूरी होती है। खिलाड़ी को पूरे अनुशासन और एकाग्रता के साथ मैदान में उतरना पड़ता है। खेल के मैदान में मिलने वाली सीख जीवन में भी सफलता हासिल करने में सहायक होती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर मिलता है। साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। प्रदेश में खेल अधोसंरचना का विस्तार किया जा रहा है। इसी दिशा में सरकार ने बैडमिंटन स्टेडियम के निर्माण को मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं मिलें, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। हाल ही में एशियन पैरा गेम्स-2026 में प्रदेश के अभिजीत सखूजा ने पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनकी उपलब्धि पर 31 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है। साव ने इसे खिलाड़ियों की मेहनत और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता बताया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी ओलंपिक तक पहुंचें और देश के लिए पदक जीतें। इसके लिए खिलाड़ियों को हरसंभव प्रोत्साहन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश ‘जो खेलेगा, वो खिलेगा’ का उल्लेख करते हुए कहा कि खेल के माध्यम से युवा अपना भविष्य संवारने के साथ देश और प्रदेश का नाम भी रोशन कर सकते हैं। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष विक्रम सिसोदिया, सचिव संजय मिश्रा, कोषाध्यक्ष संजय भंसाली, कविता दीक्षित, अनुराग दीक्षित, खेल अधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे। शेयर करें Post navigation Dhamtari Latest News: मितानिनों के सम्मान समारोह में पहुंचे भूपेश बघेल, बोले- भाजपा से लोगों का हो रहा मोहभंग Korba Latest News: धान की फसल बचाने पहुंचे ग्रामीणों पर मंडराया खतरा, दंतैल के हमले से मची अफरा-तफरी