Durg Yuva Mahotsav: दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलने जा रहा है। जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से आज यानि 18 नवंबर को जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें जिले के तीनों विकासखंडों के युवा हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम सुबह 8 बजे से सतनामी आश्रम सतनाम भवन, सिविल लाइन वार्ड क्रमांक-44, कसारीडीह में आयोजित होगा।

युवा उत्सव में कुल 9 विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें विकसित भारत चैलेंज ट्रेक, लोक नृत्य, लोक गीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज, पारंपरिक वेशभूषा और रॉकबैंड शामिल हैं। प्रतिभागियों को अपनी विधा से संबंधित आवश्यक सामग्री स्वयं लेकर आनी होगी।

15 से 29 साल के युवा ले सकेंगे हिस्सा

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अनुसार, प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए युवाओं की उम्र 15 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए। वहीं, संगीतकारों के लिए आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। उम्र की गणना 17 अगस्त 2026 की स्थिति में की जाएगी।

इच्छुक प्रतिभागियों को आधार कार्ड और मोबाइल नंबर के साथ जिला स्तर पर पंजीयन कराना होगा। प्रतियोगिता और पंजीयन से संबंधित जानकारी के लिए प्रतिभागी स्पर्धा प्रभारी पोखन लाल साहू से संपर्क कर सकते हैं। विभाग ने युवाओं से निर्धारित समय पर पहुंचकर प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की है।

जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को मिलेगा राज्य स्तर पर मौका

युवा उत्सव की प्रत्येक विधा में जिला स्तर पर पहला और दूसरा स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने का अवसर मिलेगा। वहीं, केंद्र सरकार की ओर से निर्धारित लोक नृत्य, लोक गीत, चित्रकला, वाद-विवाद और कविता लेखन विधाओं में चयनित प्रतिभागी राष्ट्रीय युवा उत्सव में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।

नई दिल्ली में होगा राष्ट्रीय युवा उत्सव

राष्ट्रीय युवा उत्सव का आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में किया जाएगा। जिला स्तरीय युवा उत्सव के जरिए जिले के प्रतिभाशाली युवाओं को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कला एवं हुनर दिखाने का अवसर मिलेगा।

शेयर करें

By admin