Chhattisgarh Latest News: रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा होने के बाद राज्य सरकार ने सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं। मामले में दिवाकर मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के डॉक्टर समेत तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब अस्पताल का लाइसेंस रद्द करने और प्रकरण में संलिप्त डॉक्टरों की डिग्री फ्रीज करने की तैयारी की जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मीडिया से चर्चा के दौरान स्पष्ट किया कि नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त जैसे गंभीर अपराध में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार अस्पताल का लाइसेंस कैंसल करेगी और मामले में संलिप्त डॉक्टरों की डिग्री भी फ्रीज की जाएगी। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि जिसने भी यह काम किया है, उसे ऐसी सजा दी जाएगी, जिसे उसकी पीढ़ी दर पीढ़ी याद रखेगी। मामले की एसआईटी जांच कराने की कांग्रेस की मांग पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार एसआईटी जांच कराएगी। इसके साथ ही अन्य स्तरों पर भी जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि संबंधित अस्पताल कांग्रेस के कार्यकाल में शुरू हुआ था और उसके शुभारंभ कार्यक्रम में कांग्रेस के मंत्री एवं विधायक शामिल हुए थे। हालांकि, इसका यह मतलब नहीं है कि इस मामले में कांग्रेस की कोई संलिप्तता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह किसी पर आरोप नहीं लगा रहे हैं, लेकिन कांग्रेस को इस गंभीर मामले में राजनीति नहीं करनी चाहिए। राजस्थान के निकाय चुनाव में भाजपा को मिली हार और छत्तीसगढ़ में दिसंबर में होने वाले नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भी स्वास्थ्य मंत्री ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राजस्थान और छत्तीसगढ़ की राजनीतिक परिस्थितियां अलग हैं। नगरीय निकाय चुनाव स्थानीय मुद्दों पर लड़े जाते हैं। छत्तीसगढ़ में एक साल पहले हुए नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन खराब रहा था। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में भाजपा सभी नगरीय निकायों में जीत हासिल करेगी। साथ ही कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसे जीत के सपने देखना छोड़ देना चाहिए। भाजपा के मोर्चा और प्रकोष्ठों को बूथ स्तर पर काम करने के मिल रहे निर्देशों पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी में मोर्चों का गठन किया गया है। सभी मोर्चे नियमित दौरे कर रहे हैं और संगठन विस्तार के लिए काम कर रहे हैं। भाजपा के सभी मोर्चों को बूथ स्तर तक सक्रिय रहकर संगठनात्मक गतिविधियां संचालित करने की जिम्मेदारी दी जा रही है। वहीं, पटवारियों की हड़ताल किन शर्तों पर समाप्त हुई, इसको लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर भी स्वास्थ्य मंत्री ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है। हड़ताल समाप्त होने से कांग्रेस को परेशानी हुई होगी, क्योंकि वह चाहती है कि आम जनता परेशान रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मुख्यमंत्री का धन्यवाद करना चाहिए। कांग्रेस केवल किसान हितैषी होने की बात करती है, जबकि सरकार ने आम लोगों की परेशानी को देखते हुए हड़ताल समाप्त कराने की दिशा में कदम उठाए हैं। शेयर करें Post navigation Dhamtari Latest News: गुणवत्ता जांच से लेकर ग्रेडिंग और नीलामी तक की होगी व्यवस्था, वनौषधि मंडी के आधुनिकीकरण की तैयारी GPM Latest News: बहरी झोरकी में कथित धर्मांतरण का मामला गरमाया, VHP-बजरंग दल ने उठाई उच्चस्तरीय जांच की मांग