Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर जशपुर जिले के बगिया स्थित अपने निवास में धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ विधि-विधान से गौमाता की पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने गौमाता को तिलक लगाकर पूजन किया और भगवान श्रीकृष्ण एवं गौमाता से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने प्रार्थना की कि प्रदेश के खेत-खलिहान धन-धान्य से परिपूर्ण रहें और किसानों को भरपूर फसल प्राप्त हो। मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सनातन संस्कृति में प्रकृति, गौवंश और कृषि जीवन के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता का प्रतीक है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन लीला के माध्यम से प्रकृति संरक्षण, जीव-जंतुओं के प्रति करुणा और सामूहिक कल्याण का संदेश दिया था, जो आज भी प्रासंगिक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौमाता का विशेष स्थान है। गौवंश हमारी कृषि परंपरा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अभिन्न अंग रहा है। गौसेवा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति और समस्त जीव-जगत के प्रति संवेदनशीलता तथा संरक्षण की सांस्कृतिक चेतना को भी दर्शाती है। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा का पर्व हमें याद दिलाता है कि मानव जीवन की वास्तविक समृद्धि प्रकृति के साथ संतुलन और सहअस्तित्व में निहित है। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों और गौवंश की रक्षा करने की कथा संकट के समय एकजुटता, परस्पर सहयोग और लोककल्याण की प्रेरणा देती है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति में भी गौवंश, खेती-किसानी और प्रकृति के प्रति गहरी आस्था रही है। गोवर्धन पूजा के साथ मनाया जाने वाला गौरा-गौरी पर्व प्रदेश की समृद्ध लोकपरंपराओं और सामाजिक एकता का जीवंत उदाहरण है। ऐसे पर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाते हैं और समाज को अपनी जड़ों से जोड़े रखते हैं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण एवं गौमाता से प्रार्थना की कि छत्तीसगढ़ का हर परिवार सुखी और समृद्ध रहे तथा प्रदेश निरंतर प्रगति और खुशहाली के रास्ते पर आगे बढ़ता रहे। शेयर करें Post navigation Bijapur Latest News: भैरमगढ़ से गीदम जा रहे सर्राफा कारोबारी को बनाया निशाना, हाईवे पर सरेराह हुई लाखों की लूट Chhattisgarh Latest News: नदी के पानी से चलेगा टरबाइन पंप, 2.68 करोड़ की पोंगरो परियोजना से 135 किसान परिवारों को मिलेगा लाभ