मुंबई: एसएस राजामौली के निर्देशन में बन रही महेश बाबू स्टारर फिल्म ‘वाराणसी’ रिलीज से पहले ही चर्चा में है। फिल्म में प्रियंका चोपड़ा की भारतीय सिनेमा में वापसी और पृथ्वीराज सुकुमारन के विलेन के किरदार ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। अब निर्देशक एसएस राजामौली ने फिल्म को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि ‘वाराणसी’ उनकी ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘RRR’ के मुकाबले पांच से छह गुना बड़े पैमाने पर बनाई गई है। यह फिल्म 7 अप्रैल 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

‘RRR’ से पांच से छह गुना बड़ी है ‘वाराणसी’

ब्राजील में आयोजित 50वें साओ पाउलो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में राजामौली ने फिल्म के निर्माण से जुड़ी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि ‘वाराणसी’ का कैनवास ‘RRR’ से काफी बड़ा है। इसके बावजूद टीम ने बेहतर योजना और तैयारी के दम पर फिल्म की शूटिंग कम समय में पूरी की है।

315 दिन में बनी थी ‘RRR’, 275 दिन में पूरी हुई ‘वाराणसी’ की शूटिंग

राजामौली ने बताया कि उनकी फिल्म ‘RRR’ की शूटिंग पूरी करने में 315 दिन लगे थे, जबकि ‘वाराणसी’ की शूटिंग 275 दिनों में पूरी कर ली गई। उन्होंने कहा कि फिल्म की शूटिंग शुरू होने से पहले ही काफी तैयारी, प्लानिंग और अतिरिक्त पेपर वर्क किया गया था। इससे शूटिंग के दिनों को कम करने में मदद मिली।

क्षुद्रग्रह से जुड़े संकट पर आधारित है फिल्म की कहानी

‘वाराणसी’ की कहानी शम्भवी नाम के एक विशाल क्षुद्रग्रह से जुड़े वैश्विक संकट के इर्द-गिर्द घूमती है, जो वाराणसी शहर के लिए खतरा बन जाता है। फिल्म में महेश बाबू रुद्र नाम के पुरातत्वविद और खोजकर्ता की भूमिका निभा रहे हैं। रुद्र को एक खगोलीय कलाकृति से जुड़े खतरनाक मिशन पर भेजा जाता है, लेकिन कुंभा नाम का विलेन उसके रास्ते में मुश्किलें खड़ी करता है।

प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन भी आएंगे नजर

फिल्म में महेश बाबू मुख्य भूमिका में हैं, जबकि प्रियंका चोपड़ा जोनास मुख्य महिला किरदार निभा रही हैं। वहीं, पृथ्वीराज सुकुमारन फिल्म में मुख्य खलनायक कुंभा के रूप में नजर आएंगे। इन सितारों की मौजूदगी और राजामौली के निर्देशन के चलते फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है।

फिल्म में 30 मिनट का होगा राम-कुंभकर्ण युद्ध!

फिल्म के लेखक और राजामौली के पिता विजयेंद्र प्रसाद ने भी इसके युद्ध दृश्य को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि फिल्म में राम और कुंभकर्ण के बीच महायुद्ध देखने को मिलेगा। रिपोर्ट के मुताबिक, यह युद्ध दृश्य करीब 30 मिनट लंबा होगा। विजयेंद्र प्रसाद ने इस सीन को मंत्रमुग्ध कर देने वाला बताया है। भगवान हनुमान की पूंछ और राम-कुंभकर्ण के युद्ध से जुड़े दृश्यों की चर्चा ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

शेयर करें

By admin

ताजा खबर