Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। विजयादशमी के दिन साड़ी पहनकर शस्त्र पूजन के दौरान हर्ष फायरिंग करने के मामले में राजनांदगांव की IPS अधिकारी अंकिता शर्मा को भाजपा विधायक रिकेश सेन का समर्थन मिला है। विधायक ने इस मामले में IG अजय यादव के बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा कि पुलिस को सोशल मीडिया पर आने वाली प्रतिक्रियाओं के आधार पर नहीं, बल्कि अपने विवेक और सरकार की नीति के अनुरूप निर्णय लेना चाहिए। विधायक रिकेश सेन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दावा किया कि विजयादशमी के दिन देशभर में 100 से अधिक महिलाओं ने शस्त्र पूजन के बाद गोली चलाई। उन्होंने कहा कि इनमें जिला पंचायत CEO, जिला कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त, SDM और अपर कलेक्टर जैसे पदों पर कार्यरत महिलाएं भी शामिल थीं। विधायक ने उज्जैन का उदाहरण देते हुए कहा कि कई महिलाओं ने साड़ी पहनकर शस्त्र पूजन किया था। रिकेश सेन ने IG अजय यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस का जिक्र करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर नकारात्मक टिप्पणियां आने के कारण IPS अंकिता शर्मा को नोटिस दिए जाने की बात कही गई। उन्होंने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि यदि पुलिस सोशल मीडिया की प्रतिक्रियाओं के आधार पर काम करेगी, तो स्मार्ट पुलिसिंग करना मुश्किल होगा। विधायक ने कहा कि पुलिस को अपने विवेक और सरकार की नीति के अनुसार निर्णय लेना चाहिए। भाजपा विधायक ने अंकिता शर्मा के समर्थन में कहा कि जिस तरह से देशभर के मीडिया में उन्हें लेकर चर्चा हो रही है, उससे छत्तीसगढ़ को लेकर लोगों की सोच पर भी सवाल उठते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह इस मामले में अंकिता शर्मा के साथ मजबूती से खड़े हैं। इस बीच, श्री पंच दशानन जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि महाराज ने भी अंकिता शर्मा के शस्त्र पूजन का समर्थन किया है। उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट कर इसे नारी शक्ति, सांस्कृतिक स्वाभिमान और कर्तव्यनिष्ठा का प्रेरक उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि साड़ी में श्रद्धापूर्वक शस्त्र पूजन करती वरिष्ठ IPS अधिकारी की छवि भारतीय संस्कृति, नारी गरिमा और राष्ट्ररक्षा के संकल्प को दर्शाती है। शेयर करें Post navigation Bastar Latest News: बस्तर दशहरा में शामिल हुईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, आदिवासी परंपरा, भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत को बचाने का दिया संदेश Raipur Latest News: BTI ग्राउंड में कॉम्प्लेक्स बनाने के मुद्दे पर सियासत तेज, पुरंदर मिश्रा ने कहा- मैदान में नहीं होगा निर्माण