Chhattisgarh Mahasamund News: महासमुंद। जिले में कावेरी सीड कंपनी पर 85 किसानों को जमीन रेघा पर लेने के बाद तय रकम का भुगतान नहीं करने का आरोप लगा है। किसानों के मुताबिक, कंपनी ने प्रति एकड़ 22 से 25 हजार रुपये देने का वादा किया था, लेकिन फसल कटने के बाद भी उन्हें भुगतान नहीं मिला। लंबे समय से रकम नहीं मिलने से नाराज किसानों ने भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले बेलसोंडा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर चक्काजाम कर दिया।

प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना है कि कंपनी की ओर से कुल 2 करोड़ 38 लाख रुपये का भुगतान किया जाना बाकी है। किसान करीब डेढ़ साल से बकाया राशि की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। लगातार मांग के बावजूद भुगतान नहीं मिलने से किसानों में आक्रोश है और उन्होंने सड़क पर उतरकर विरोध जताया।

चक्काजाम के बाद मौके पर तहसीलदार, कृषि विभाग के अधिकारी और पुलिस बल पहुंचा। अधिकारी किसानों को समझाने और जाम खुलवाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन खबर लिखे जाने तक सहमति बनती नजर नहीं आ रही थी।

चक्काजाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। किसान बकाया रकम के भुगतान की मांग पर अड़े हुए हैं। अब मामले में प्रशासन की पहल और कंपनी की ओर से भुगतान को लेकर उठाए जाने वाले कदमों पर नजर है।

शेयर करें

By admin