Chhattisgarh Latest News: रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बुधवार को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बिलाईगढ़ में आयोजित ऐतिहासिक राजशाही दशहरा उत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए पांच महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विजयादशमी सत्य, धर्म और न्याय की विजय का पर्व है, जो हमें अपने भीतर की बुराइयों पर विजय पाने और प्रेम-सद्भाव के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने बिलाईगढ़ में अपर कलेक्टर कार्यालय खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कार्यालय शुरू होने से क्षेत्रवासियों को प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और स्थानीय समस्याओं के निराकरण में भी सुविधा होगी। तीन करोड़ से बनेगा गौरव पथ मुख्यमंत्री ने बस स्टैंड से हायर सेकेंडरी स्कूल तक तीन करोड़ रुपए की लागत से गौरव पथ बनाने की घोषणा की। इसके अलावा राजमहल जाने वाले मार्ग पर पुल निर्माण, नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 15 में मुक्तिधाम और मां समलाई माता मंदिर के समीप डोम शेड निर्माण की भी घोषणा की गई। राजशाही दशहरा हमारी सांस्कृतिक विरासत: साय मुख्यमंत्री ने कहा कि बिलाईगढ़ का ऐतिहासिक राजशाही दशहरा केवल उत्सव नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता की जीवंत अभिव्यक्ति है। उन्होंने इस परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए राजपरिवार, आयोजन समिति और क्षेत्रवासियों को बधाई दी। भगवान श्रीराम से छत्तीसगढ़ का गहरा नाता मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ का भगवान श्रीराम से गहरा आत्मीय और सांस्कृतिक संबंध है। छत्तीसगढ़ माता कौशल्या की जन्मभूमि और प्रभु श्रीराम का ननिहाल है। वनवास के दौरान भगवान श्रीराम ने दंडकारण्य क्षेत्र में लंबा समय बिताया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भगवान श्रीराम को भांजे के रूप में पूजने की अनूठी परंपरा आज भी जीवंत है। बस्तर में शांति के साथ खुल रहे विकास के नए द्वार मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता के बाद बस्तर में भय की जगह विश्वास और हिंसा की जगह शांति ने ली है। सुरक्षा और शांति के साथ अब सड़क, रेल, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार सुविधाओं के विस्तार के नए अवसर बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार विरासत और विकास को साथ लेकर आगे बढ़ रही है और प्रदेश के हर क्षेत्र तक विकास का लाभ पहुंचाना उसका लक्ष्य है। शेयर करें Post navigation Chhattisgarh Latest News: शहरों की समस्याओं का स्थायी समाधान निकालें, सीएम साय ने सुनियोजित विकास पर दिया जोर CM Vishnu Deo Sai: भंडारपुरी धाम को मिली विकास कार्यों की सौगात, 40 जगहों पर बनेंगे लकड़ी के जैतखाम