Chhattisgarh Kawardha News: कवर्धा। कुकदूर पुलिस ने चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल समेत करीब 2.50 लाख रुपये का सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी सुदूर वनांचल क्षेत्रों में बैगा आदिवासियों के सूने घरों की मोटरसाइकिल से रेकी करता था और मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम देता था। सूने घरों को बनाता था निशाना पुलिस के अनुसार, ग्राम ढपरापानी निवासी समियाबाई बैगा के घर से 23 से 28 जुलाई के बीच चांदी के जेवरात चोरी हुए थे। इस मामले में थाना कुकदूर में अपराध क्रमांक 46/26 दर्ज किया गया था। वहीं, ग्राम छींदीडीह निवासी फूलेश्वरी बाई बैगा के घर से 20 से 25 अगस्त के बीच चांदी के जेवरात चोरी होने की शिकायत पर अपराध क्रमांक 54/26 दर्ज किया गया था। दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के इलाकों में संदिग्धों की जानकारी जुटाई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। चांदी के जेवर बेचने की फिराक में था आरोपी थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा ने बताया कि चोरी की लगातार घटनाओं के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान रविवार को मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति चांदी के जेवरात बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम ग्राम नेऊर निवासी देवेन्द्र उर्फ द्वारिका कृषे (24 वर्ष) बताया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने दोनों चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। बाइक से करता था घरों की रेकी पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह होंडा साइन मोटरसाइकिल क्रमांक CG-09-JT-9476 से पहले सूने घरों की रेकी करता था। ग्रामीणों के खेती-किसानी के काम से बाहर जाने के बाद वह मौका देखकर उनके घरों में चोरी करता था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चांदी का लच्छा, सुतिया, ढार, चंद्रबली, चांदी के रुपये समेत अन्य जेवरात बरामद किए। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। 2.50 लाख का सामान बरामद, आरोपी जेल भेजा पुलिस के अनुसार बरामद चांदी के जेवरात और मोटरसाइकिल की कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपये है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। थाना प्रभारी संतोष मिश्रा ने बताया कि पुलिस की सतर्कता और सक्रिय मुखबिर तंत्र की मदद से दोनों चोरी के मामलों का खुलासा किया गया है। पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। शेयर करें Post navigation Chhattisgarh Jagdalpur News: कांग्रेस ने शुरू किया ब्लॉक अध्यक्षों का प्रशिक्षण, टीएस सिंहदेव बोले- संगठन को नए दौर के अनुरूप ढाला जाएगा Bijapur News: नक्सल चुनौती से डिजिटल दौर तक बदला पत्रकारिता का चेहरा, बीजापुर में विश्वसनीयता सबसे बड़ी कसौटी