Chhattisgarh Bijapur News: बीजापुर। नक्सल प्रभावित क्षेत्र से निकलकर विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहे बीजापुर में पत्रकारिता की भूमिका भी समय के साथ बदल रही है। कभी सुरक्षा चुनौतियों के बीच खबरों को सामने लाना पत्रकारों के लिए बड़ी चुनौती थी, वहीं अब सोशल मीडिया, तेजी से बदलती सूचना व्यवस्था और खबरों की विश्वसनीयता बनाए रखना पत्रकारिता के सामने नई चुनौतियां हैं। यह बात प्रेस क्लब बीजापुर के शपथ ग्रहण समारोह में सामने आई।

जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देगा प्रेस क्लब

समारोह में नवनिर्वाचित अध्यक्ष पवन दुर्गम ने कहा कि पत्रकारिता केवल खबर प्रकाशित करने का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज की समस्याओं को सामने लाकर उनके समाधान के लिए जिम्मेदार व्यवस्था तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी पत्रकारों की है। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब पत्रकारों के हितों के साथ-साथ जनहित से जुड़े मुद्दों को भी प्राथमिकता देगा।

लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की जिम्मेदारी बढ़ी

मुख्य अतिथि विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। विधायिका कानून बनाती है और कार्यपालिका उसका क्रियान्वयन करती है, जबकि मीडिया व्यवस्था की निगरानी करते हुए जरूरत पड़ने पर शासन-प्रशासन का ध्यान जनता की समस्याओं की ओर आकर्षित करता है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में देश-दुनिया की खबरें कुछ ही समय में लोगों तक पहुंच जाती हैं। ऐसे में खबरों की पुष्टि, तथ्यपरकता और विश्वसनीयता को लेकर पत्रकारों की जिम्मेदारी पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है।

निष्पक्ष पत्रकारिता समय की सबसे बड़ी जरूरत

विधायक मंडावी ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता के किसी व्यक्ति या संस्था के पक्ष में होने जैसी धारणा भी एक बड़ी चुनौती है। ऐसे माहौल में पत्रकारों को किसी व्यक्ति या संस्था को खुश करने के बजाय तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष पत्रकारिता करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब भी बस्तर और बीजापुर राष्ट्रीय स्तर की सुर्खियों में आते हैं, तो इसमें स्थानीय पत्रकारों के प्रयासों की भी अहम भूमिका होती है। स्थानीय पत्रकार जमीनी स्तर की वास्तविक स्थिति को सामने लाने का महत्वपूर्ण काम करते हैं।

नई कार्यकारिणी ने ली निष्पक्ष पत्रकारिता की शपथ

प्रेस क्लब के शपथ ग्रहण समारोह में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने निष्पक्ष, निर्भीक, तथ्यपरक और जनसरोकार वाली पत्रकारिता को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। इस दौरान पत्रकारों की भूमिका, बदलती तकनीक और डिजिटल दौर में विश्वसनीय पत्रकारिता की जरूरत पर भी चर्चा हुई। समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष घासीराम नाग, नगर पालिका अध्यक्ष गीता सोम पुजारी, उप संचालक जनसंपर्क दिनेश नेताम, संजय लुंकड़, जिला पंचायत सदस्य नीना रावतिया, जेसीसीजे जिलाध्यक्ष विजय झाड़ी, अजय सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

शेयर करें

By admin