Chhattisgarh Kawardha News : कवर्धा। सावन माह के अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा अमरकंटक पहुंचे। उन्होंने मां नर्मदा के दर्शन कर नर्मदा उद्गम स्थल स्थित नर्मदा कुंड में विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों के बीच आत्मीयता के साथ समय बिताया और उनकी यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मृत्युंजय आश्रम में कांवड़ियों को भोजन प्रसादी वितरित की और उनके साथ बैठकर प्रसादी ग्रहण की। उन्होंने कांवड़ियों से बातचीत कर यात्रा के दौरान मिलने वाली सुविधाओं, स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी ली।

बताया गया कि भोरमदेव से अमरकंटक तक करीब 150 किलोमीटर की कांवड़ यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा मार्ग पर कांवड़ियों के लिए स्वास्थ्य, सुरक्षा, ठहरने और भोजन सहित आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जबकि सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस अधिकारियों के साथ पेट्रोलिंग दल भी तैनात किए गए हैं।

अमरकंटक स्थित मृत्युंजय आश्रम में कांवड़ियों के लिए निःशुल्क भोजन और रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है। यहां श्रद्धालुओं को दाल-भात, सब्जी के साथ खीर, पूरी और हलवा सहित भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सावन माह के पवित्र अवसर पर भोरमदेव से अमरकंटक तक श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि सभी भक्तजन श्रद्धा और उत्साह के साथ अपनी कांवड़ यात्रा पूरी कर सकें।

शेयर करें

By admin