Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में करीब 800 स्कूली विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ की लोककला और संस्कृति से जुड़ी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच हुई स्पर्धा में उत्तर क्षेत्र सरगुजा संभाग ने पहला, पश्चिम क्षेत्र दुर्ग संभाग ने दूसरा और मध्य क्षेत्र रायपुर संभाग ने तीसरा स्थान हासिल किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विजेता विद्यार्थियों को शील्ड और मेडल देकर सम्मानित किया। उत्तर क्षेत्र सरगुजा संभाग के 286 छात्र-छात्राओं ने ‘वंदे मातरम, जय हिंद हम सबका अभिमान’ जैसे रिमिक्स गीत पर देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुति दी। नृत्य और गीत के माध्यम से विद्यार्थियों ने वंदे मातरम के 150 वर्षों की यात्रा, मातृभूमि के प्रति प्रेम और युवा शक्ति के साथ नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ते भारत की तस्वीर प्रस्तुत की। पश्चिम क्षेत्र दुर्ग संभाग के 277 विद्यार्थियों ने ‘सजता, संवरता, निखरता ये देश’ गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति में विभिन्न अवसरों पर होने वाले नृत्यों की सुंदर झलक दिखाई। बच्चों ने कदमों की लय और ऊर्जा के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। मध्य क्षेत्र रायपुर संभाग के 280 विद्यार्थियों ने ‘संकल्प बोल के हम तो निकल पड़े’ फ्यूजन गीत पर मनोरम प्रस्तुति दी। नृत्य और गीत के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने भारतीय सैनिकों के शौर्य, त्याग और बलिदान की गाथा को जीवंत किया। शेयर करें Post navigation Bilaspur News: केंद्रीय जेल में बंदी की मौत पर बड़ा अपडेट, हत्या की FIR के बाद CBI ने संभाली जांच Raigarh News: कैंसर मरीजों के लिए जल्द शुरू होगी कीमोथेरेपी, रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में ART सेंटर भी बनेगा