Chhattisgarh Raigarh News: रायगढ़। मेडिकल कॉलेज और संबद्ध अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं को विस्तार देने की दिशा में शुक्रवार को बड़ी मंजूरियां मिलीं। स्व. लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में आयोजित छत्तीसगढ़ आरोग्य चिकित्सा शिक्षण एवं अनुसंधान समिति की साधारण सभा (स्वशासी समिति) की बैठक में चिकित्सा महाविद्यालय भवन और अस्पताल भवन में विभिन्न मरम्मत एवं निर्माण कार्यों के लिए 50 करोड़ रुपये के अनुमोदन को मंजूरी दी गई। वहीं कैंसर मरीजों के लिए अस्पताल में जल्द ही कीमोथेरेपी सुविधा शुरू करने और एड्स मरीजों के लिए एआरटी सेंटर प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की। वित्त, वाणिज्यिक कर, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी भी बैठक में मौजूद रहे। स्वास्थ्य मंत्री ने लोक निर्माण विभाग को स्वीकृत निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराने के साथ भवनों की साज-सज्जा और स्वरूप पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बैठक में एमबीबीएस तथा एमएस/एमडी पाठ्यक्रम के लेक्चर और डेमो हॉल को हाईटेक बनाने के लिए इंटरएक्टिव पैनल लगाने का निर्णय लिया गया। मरीजों के लिए कीमोथेरेपी सुविधा शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए। साथ ही एड्स मरीजों के उपचार के लिए एआरटी सेंटर प्रारंभ करने को कहा गया। इन सुविधाओं के शुरू होने के बाद मरीजों को उपचार के लिए दूसरे बड़े शहरों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है। मरीजों के हित में तत्काल आवश्यकता वाली दवाइयों, केमिकल्स, किट्स, ग्लासवेयर सहित छोटी-छोटी सामग्रियों की शीघ्र खरीदी के लिए सभी क्लिनिकल विभागाध्यक्षों को स्वशासी मद से 5-5 हजार रुपये की अग्रिम राशि देने की व्यवस्था को भी स्वीकृति दी गई। इस राशि का नियमित बजट से जिला कोषालय के माध्यम से समायोजन किया जाएगा। बैठक में टेक्नीशियन, स्टाफ नर्स और कंप्यूटर ऑपरेटर समेत अन्य पदों पर आउटसोर्स भर्ती को भी मंजूरी दी गई। इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज व अस्पताल के भवनों में 50 करोड़ रुपये के निर्माण-मरम्मत कार्य, कैंसर मरीजों के लिए कीमोथेरेपी सुविधा, एड्स मरीजों के लिए एआरटी सेंटर, एमबीबीएस व पीजी के लेक्चर-डेमो हॉल में इंटरएक्टिव पैनल और आवश्यक दवाओं व छोटी सामग्रियों की त्वरित खरीदी के लिए विभागाध्यक्षों को अग्रिम राशि देने जैसे महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। शेयर करें Post navigation Raipur News: देशभक्ति के रंग में रंगा स्वतंत्रता दिवस समारोह, सरगुजा को पहला, दुर्ग को दूसरा स्थान Raipur News: हाई कोर्ट के फैसले के बाद भी अटका पेंशन एरियर, 31 जुलाई की समयसीमा भी बीती