Chhattisgarh Ambikapur News: अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र में नौवीं कक्षा के 15 वर्षीय छात्र का शव टिहली पर्वत पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। छात्र के चेहरे और पैरों पर गंभीर चोटों के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस के अनुसार ग्राम सलका निवासी विरेंद्र कंवर (15) गुरुवार शाम घर से खेलने की बात कहकर निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह भी परिजन और ग्रामीण उसकी खोजबीन में जुटे रहे। इसी दौरान रिखी ग्राम स्थित टिहली पर्वत पर पहुंचे ग्रामीणों ने झाड़ियों के बीच छात्र का शव देखा और इसकी सूचना गांव के सरपंच तथा उदयपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और अंबिकापुर से पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में छात्र के चेहरे पर गंभीर चोट और पैरों पर घाव मिले हैं, जिससे उसके साथ मारपीट किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मृतक का घर घटनास्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर बताया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि छात्र घटनास्थल तक किसके साथ पहुंचा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह शाम तक अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था, लेकिन उसके बाद वह किसके साथ गया, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। उदयपुर थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल दोस्तों और सहपाठियों से पूछताछ जारी है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। शेयर करें Post navigation Ambikapur News: सरगुजा में 15 वर्षीय छात्र का पहाड़ी पर मिला शव, चेहरे पर चोट के निशान, हत्या की आशंका Raigarh News: रायगढ़ में ₹5,100 का पेट्रोल भरवाकर फरार हुआ कार चालक, नंबर प्लेट पर लगाया था कवर