Chhattisgarh Mungeli News: मुंगेली। मुंगेली जिले का ऐतिहासिक खुड़िया बांध (राजीव गांधी जलाशय) जल्द ही छत्तीसगढ़ का नया पर्यटन केंद्र बन सकता है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने खुड़िया बांध और अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) को जोड़कर इंटीग्रेटेड मेगा टूरिज्म सर्किट विकसित करने की योजना का खाका तैयार किया है। इस पहल का उद्देश्य प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।

मानसून के दौरान खुड़िया बांध का विहंगम दृश्य बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है। पहाड़ों से घिरे इस जलाशय के वेस्टवियर से बहता पानी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। वर्ष 1930 में निर्मित यह ऐतिहासिक बांध कृषि के साथ-साथ पर्यटन की भी अपार संभावनाएं समेटे हुए है।

करीब 18.3 मीटर ऊंचे और 1,218 मीटर लंबे इस बांध की जलभराव क्षमता 61.2 मिलियन क्यूबिक मीटर है। वर्षों से बुनियादी सुविधाओं और प्रचार-प्रसार की कमी के कारण यह पर्यटन मानचित्र पर अपनी पहचान नहीं बना पाया, लेकिन अब सरकार इसके व्यापक विकास की तैयारी कर रही है।

सरकार की योजना के तहत खुड़िया बांध को अचानकमार टाइगर रिजर्व से जोड़कर वाइल्डलाइफ और वॉटर टूरिज्म का बड़ा केंद्र बनाया जाएगा। इससे बोटिंग, एडवेंचर गतिविधियों, होम-स्टे, स्थानीय गाइड और होटल-रेस्टोरेंट जैसे क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि यह परियोजना लोरमी क्षेत्र की आर्थिक और पर्यटन गतिविधियों को नई गति देगी।

शेयर करें

By admin