Chhattisgarh Mungeli News : मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में धार्मिक स्थलों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। थाना लालपुर क्षेत्र के ग्राम कंतेली और कोदवाबानी स्थित महामाया मंदिरों में हुई चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए पुलिस ने करीब 1.75 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। मामले में एक पुरुष और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि गिरोह के दो अन्य सदस्य पहले से दूसरे मामले में पोड़ी जेल में बंद हैं।

पुलिस के अनुसार, कंतेली स्थित आदि श्री महामाया मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधि की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेही अश्वनी आहिरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरुआत में आरोपी गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती और मनोवैज्ञानिक पूछताछ के बाद उसने अपने साथियों के साथ मंदिरों में चोरी करना स्वीकार कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर ग्राम जमकोर से चोरी के चांदी के मुकुट, चांदी की माला, सोने का मंगलसूत्र, करधन, धार्मिक आभूषण और गलाए गए चांदी के टुकड़े बरामद किए गए। पुलिस ने चोरी का सामान छिपाने के आरोप में एक महिला को भी गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में आरोपियों ने कबीरधाम जिले के सिल्हाटी स्थित महादेव मंदिर में हुई चोरी और वर्ष 2025 में कोदवाबानी महामाया मंदिर में हुई वारदात में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा और धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने वाले अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें

By admin