Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नारायणपुर के तत्कालीन थाना प्रभारी सुरेश चंद्र यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। उन पर सड़क दुर्घटना में दिवंगत डीएसएफ आरक्षक धनेश्वर नुरेटी के परिवार से बीमा राशि दिलाने के नाम पर अवैध वसूली करने का आरोप है। मामले में सह-आरोपी अधिवक्ता कृष्ण कुमार वर्मा की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, आरक्षक की मृत्यु के बाद उनकी पत्नी के खाते में भारतीय स्टेट बैंक के वेतन पैकेज के तहत 1 करोड़ रुपये का दुर्घटना बीमा मिला था। आरोप है कि थाना प्रभारी और अधिवक्ता ने बीमा राशि दिलाने के नाम पर 19 लाख रुपये वसूल लिए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने कथित तौर पर शेष बीमा राशि में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी की भी मांग की। परिजनों ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन्हें कोर्ट में मुकदमा दर्ज कराने और कानूनी कार्रवाई में फंसाने की धमकी दी गई। लगातार कथित प्रताड़ना से परेशान होकर उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय, नारायणपुर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318, 308 सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी थाना प्रभारी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषी पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के मामलों में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। शेयर करें Post navigation Durg News: परमेश्वरी आश्रम में 30 लाख की कथित गड़बड़ी, कोर्ट के आदेश पर तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज Surajpur News: 15 लाख का रपटा पहली ही बारिश में बहा, दर्जनभर गांवों का जिला मुख्यालय से टूटा संपर्क