Chhattisgarh News: रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा एप नेटवर्क के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी कार्रवाई की चर्चा है। जानकारी के अनुसार, श्रीलंका पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा संचालन से जुड़े एक ठिकाने पर छापेमारी कर 147 भारतीय युवकों को हाउस अरेस्ट किया है। बताया जा रहा है कि सभी के पासपोर्ट और वीजा जब्त कर उनसे पूछताछ की जा रही है। हालांकि, इस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है। रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला और दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने इस संबंध में किसी आधिकारिक जानकारी से इनकार किया है। उनका कहना है कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हाउस अरेस्ट किए गए अधिकांश युवक रायपुर, दुर्ग, भिलाई और राजनांदगांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जबकि कुछ युवक उत्तर प्रदेश और बिहार के भी हैं। आरोप है कि उन्हें 45 हजार रुपये मासिक वेतन, मुफ्त रहने और खाने का लालच देकर श्रीलंका भेजा गया था। परिजनों को यह बताया गया था कि वे वैध निजी कंपनी में नौकरी करने जा रहे हैं, लेकिन बाद में पता चला कि वे कथित तौर पर ऑनलाइन सट्टा पैनल के संचालन से जुड़े काम कर रहे थे। जानकारी के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क का मुख्य आरोपी सिकंदर प्रसाद पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही श्रीलंका से दुबई और फिर भारत लौट आया। इसके बाद वह फरार हो गया। पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों और जन्मदिन समारोह स्थल पर भी दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। उधर, महादेव सट्टा नेटवर्क के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल के खिलाफ जांच एजेंसियों का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) अब तक इस मामले में 3,800 करोड़ रुपये से अधिक की कथित अवैध संपत्तियां जब्त और अटैच कर चुका है। हाल ही में इंटरपोल के रेड नोटिस के आधार पर सौरभ चंद्राकर को ओमान में हिरासत में लिया गया है और भारत सरकार उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया में जुटी हुई है। वहीं, रायपुर पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े 250 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि कई बड़े आरोपी अभी भी फरार हैं। शेयर करें Post navigation Chhattisgarh News: घर लौट रही महिला से गैंगरेप, रास्ता रोककर खेत में ले गए दरिंदे; 3 आरोपी गिरफ्तार CG Assembly Monsoon Session: आज से छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र, पहले दिन सरकार से इन मुद्दों पर होंगे सवाल