CG Assembly Monsoon Session: रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत सोमवार से होगी। पहले दिन सदन की कार्यवाही दिवंगत जनप्रतिनिधियों और अन्य दिवंगत व्यक्तियों को श्रद्धांजलि देने के साथ शुरू होगी। इसके बाद प्रश्नकाल आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत मंत्री टंकराम वर्मा और केदार कश्यप विधायकों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब देंगे।

प्रश्नकाल के बाद विभिन्न विभागों से संबंधित पत्र, प्रतिवेदन और अन्य दस्तावेज सदन के पटल पर रखे जाएंगे। साथ ही फरवरी-मार्च 2026 के प्रश्नों के पूर्ण उत्तर, उस दौरान सदन में पढ़ी गई सूचनाएं और अन्य आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत किए जाएंगे।

सत्र के पहले दिन दो महत्वपूर्ण ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी चर्चा का केंद्र रहेंगे। विधायक अजय चंद्राकर और ब्यास कश्यप पुरातात्विक वस्तुओं के संरक्षण तथा परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि के वितरण में कथित अनियमितताओं का मुद्दा सदन में उठाएंगे। इन मामलों में सरकार से जवाब मांगा जाएगा।

इसके अलावा, राज्यपाल द्वारा लौटाए गए विधेयकों की जानकारी भी सदन में दी जाएगी। वहीं राष्ट्रपति और राज्यपाल की स्वीकृति प्राप्त विधेयकों से संबंधित सूचनाएं भी सदन के पटल पर रखी जाएंगी।

मानसून सत्र के पहले दिन प्रश्नकाल, ध्यानाकर्षण प्रस्तावों और महत्वपूर्ण विधायी कार्यों के चलते सदन में सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है।

शेयर करें

By admin