Satna News: मध्य प्रदेश के सतना जिले में रास्ते के विवाद को लेकर हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने भाजपा के जिला उपाध्यक्ष गीतेश्वर सिंह और वार्ड 13 के पार्षद सूर्यपाल सिंह सहित अन्य लोगों पर फावड़े, कुल्हाड़ी और लाठी से हमला करने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस ने दर्ज एफआईआर में भाजपा जिला उपाध्यक्ष का नाम शामिल नहीं किया है, जिससे कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं।

शिकायत के अनुसार ग्राम गाड़ा निवासी इन्द्रपाल सिंह अपने पुत्र प्रदीप सिंह के साथ खेत पर पहुंचे थे। इसी दौरान रास्ता निकालने की बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान जगदीश सिंह, सूर्यपाल सिंह, चंद्रपाल सिंह और गीतेश्वर सिंह ने गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। मारपीट में इन्द्रपाल सिंह, उनके पुत्र प्रदीप सिंह और बीच-बचाव करने पहुंची अंकित सिंह घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

रामपुर बघेलान थाना पुलिस ने जगदीश सिंह, सूर्यपाल सिंह और चंद्रपाल सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं शिकायतकर्ता का आरोप है कि घटना के समय मौजूद भाजपा जिला उपाध्यक्ष गीतेश्वर सिंह का नाम एफआईआर में नहीं जोड़ा गया। इस पर पीड़ित पक्ष ने निष्पक्ष जांच कर सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है। जांच के दौरान यदि साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है, तो नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें

By admin