Ujjain News: महाकाल मंदिर क्षेत्र स्थित मां पीतांबरा होटल रेजिडेंसी में फायर सेफ्टी जांच के दौरान नगर निगम के प्रभारी फायर अधिकारी से मारपीट के मामले के बाद नगर निगम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल को सील कर दिया। बुलडोजर कार्रवाई के दौरान करीब दो घंटे तक मौके पर हंगामे की स्थिति बनी रही, जिसके चलते भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन करते हुए होटल पहुंचे। अधिकारियों का कहना था कि होटल के कुछ हिस्सों में अवैध निर्माण और भवन नियमों का उल्लंघन पाया गया था। पूर्व में नोटिस और सर्वे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान होटल संचालक और उनके परिजनों ने विरोध जताया। होटल मालिक ने आरोप लगाया कि फायर सेफ्टी जांच के दौरान अधिकारियों ने अभद्र व्यवहार किया, जिसके बाद विवाद हुआ। उनका कहना है कि प्रशासन बदले की भावना से कार्रवाई कर रहा है और उन्हें कोई वैध नोटिस नहीं दिया गया। उन्होंने यह भी बताया कि उनके बेटे को पहले ही पुलिस के सामने पेश किया जा चुका है।

महाकाल थाना पुलिस के अनुसार, फायर अधिकारी से मारपीट के मामले में पहले ही एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है। वहीं नगर निगम ने स्पष्ट किया कि होटल को सील करने की कार्रवाई भवन संबंधी नियमों के उल्लंघन के आधार पर की गई है, न कि किसी व्यक्तिगत कारण से। भारी पुलिस सुरक्षा के बीच कार्रवाई पूरी कर होटल को सील कर दिया गया।

शेयर करें

By admin