Gwalior News: ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस और आम लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। आमतौर पर हत्या, लूट, डकैती या संगठित अपराध जैसे गंभीर मामलों की जांच के लिए गठित की जाने वाली विशेष जांच टीम (SIT) इस बार किसी अपराधी की तलाश में नहीं, बल्कि पिछले पांच महीने से लापता ‘लड्डू गोपाल’ की खोज में जुटी है। यह मामला एक महिला की गहरी धार्मिक आस्था और भावनाओं से जुड़ा है, जिसे देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने भी इसे पूरी संवेदनशीलता के साथ लिया है। 5 महीने से पुलिस कार्यालयों के चक्कर काट रही महिला मामला ग्वालियर के सिटी सेंटर स्थित अलकापुरी की रहने वाली विजया शर्मा का है। विजया भगवान श्रीकृष्ण की अनन्य भक्त हैं और अपने लड्डू गोपाल को परिवार के सदस्य की तरह मानती हैं। वह उन्हें हमेशा अपने साथ रखती थीं। 29 जनवरी को वह अपनी बहन के साथ कोतवाली क्षेत्र की एक सब्जी मंडी में खरीदारी करने गई थीं। इसी दौरान उनके लड्डू गोपाल कहीं गुम हो गए। काफी तलाश के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला तो विजया शर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। बीते पांच महीनों में वह कोतवाली थाना, सीएसपी कार्यालय, एसएसपी कार्यालय और अंत में ग्वालियर रेंज के आईजी कार्यालय तक कई बार गुहार लगा चुकी हैं। उनका कहना है कि ये लड्डू गोपाल उन्हें बचपन में उनकी नानी ने दिए थे और तब से वह उनकी नियमित सेवा-पूजा करती आ रही हैं। आईजी के निर्देश पर गठित हुई विशेष जांच टीम महिला की भावनाओं और आस्था को देखते हुए ग्वालियर रेंज के आईजी अरविंद कुमार सक्सेना ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष जांच दल (SIT) बनाने के निर्देश दिए। इसके बाद सीएसपी किरण अहिरवार के नेतृत्व में कोतवाली, जनकगंज और माधोगंज थानों की संयुक्त टीम का गठन किया गया। एसआईटी अब घटना स्थल और आसपास के इलाके की नए सिरे से जांच कर रही है। पुलिस मंडी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, स्थानीय दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है तथा हर संभावित सुराग को जोड़ने का प्रयास कर रही है। महिला ने सब्जी विक्रेता पर जताया संदेह जांच के दौरान विजया शर्मा ने उस सब्जी विक्रेता पर भी शक जताया है, जिससे उन्होंने घटना वाले दिन खरीदारी की थी। महिला का दावा है कि उन्हें एक सपना आया, जिसमें कुछ संकेत मिले। साथ ही कुछ स्थानीय लोगों ने भी उन्हें बताया कि संबंधित सब्जी विक्रेता ने किसी समारोह में लड्डू गोपाल को लेकर कुछ बातें कही थीं। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले महिला द्वारा दिए गए हर इनपुट और सभी तथ्यों का निष्पक्ष तरीके से सत्यापन कर रहे हैं। आईजी बोले- आस्था से जुड़ा मामला, पूरी संवेदनशीलता से हो रही जांच ग्वालियर रेंज के आईजी अरविंद कुमार सक्सेना ने कहा कि यह मामला एक श्रद्धालु की गहरी आस्था और भावनाओं से जुड़ा है। इसलिए पुलिस पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ जांच कर रही है। एसआईटी का उद्देश्य उपलब्ध हर सुराग की जांच कर जल्द से जल्द लड्डू गोपाल को खोजकर महिला को सौंपना है, ताकि उनकी वर्षों पुरानी श्रद्धा को उनका आराध्य वापस मिल सके। शेयर करें Post navigation Ujjain News: महाकाल मंदिर में चढ़े करोड़ों के सोना-चांदी पर महापौर की नजर, फिजिकल वेरिफिकेशन की मांग MP News: हनीमून मर्डर केस में नया मोड़, सोनम की जमानत को चुनौती; राजा के परिवार ने कहा- न्याय की है उम्मीद