Yoga Diwas in Narayanpur: नारायणपुर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नारायणपुर के कोटमहर गार्डन में जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने सहभागिता करते हुए जिलेवासियों को योग संकल्प की शपथ दिलाई और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य देन है, जिसने आज पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है और आज यह एक वैश्विक जनआंदोलन का रूप ले चुका है। विश्व के अनेक देशों में करोड़ों लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ और संतुलित जीवन जी रहे हैं। read more: Bilaspur News: एसईसीएल वसंत विहार क्लब में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन, सीएमडी हरीश दुहान समेत अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन की वैज्ञानिक जीवन पद्धति है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से मजबूत, मानसिक रूप से शांत और आत्मिक रूप से समृद्ध बनाता है। वर्तमान समय की तनावपूर्ण और व्यस्त जीवनशैली में योग स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का प्रभावी समाधान बनकर उभरा है। वनमंत्री ने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति से स्वस्थ परिवार, स्वस्थ परिवार से स्वस्थ समाज और स्वस्थ समाज से सशक्त राष्ट्र का निर्माण होता है। इसलिए योग को केवल एक दिवस तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से नियमित योग करने, परिवार के सदस्यों को इसके लिए प्रेरित करने तथा स्वस्थ, स्वच्छ और व्यसनमुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का सामूहिक अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षकों ने योग के महत्व और उसके स्वास्थ्य लाभों की भी जानकारी दी। कार्यक्रम के समापन पर मंत्री केदार कश्यप ने उपस्थित लोगों को योग संकल्प की शपथ दिलाते हुए निरंतर योगाभ्यास करने का संदेश दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं, महिलाओं तथा स्कूली विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लिया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम में सकारात्मक ऊर्जा, अनुशासन और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का वातावरण देखने को मिला। शेयर करें Post navigation चार घंटे के छत्तीसगढ़ दौरे के बाद टपरी पर रुके राहुल गांधी, दीपक बैज को खिलाया बिस्किट, कार्यकर्ताओं की भीड़ से गूंजा अभनपुर महुआ से अब नहीं बनेगी शराब, पौष्टिक लड्डुओं से आत्मनिर्भरता की नई राह दिखा रहे जगनी कामू बैगा