Yoga Diwas in Bilaspur: बिलासपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को एसईसीएल के वसंत विहार क्लब में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “स्वस्थ जीवन के लिए योग” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) हरीश दुहान, कार्मिक निदेशक बिरांची दास सहित बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्थान की बहनों ने योगाभ्यास का मार्गदर्शन किया। करीब एक घंटे तक चले सामूहिक योग सत्र में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान संबंधी अभ्यास किए। इस दौरान योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नियमित योग को स्वस्थ, संतुलित और तनावमुक्त जीवन की कुंजी बताया गया। प्रतिभागियों ने अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने कहा कि वर्तमान की भागदौड़ भरी जीवनशैली में प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकालकर शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है। योग दिवस के इस आयोजन के माध्यम से एसईसीएल परिवार ने समाज को यह संदेश दिया कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, सकारात्मक और अनुशासित जीवन जीने का प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा नियमित योग करने की प्रतिज्ञा के साथ हुआ। शेयर करें Post navigation Bijapur News: बीजापुर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास, विधायक नीलकंठ टेकाम ने दिलाया नशामुक्त समाज का संकल्प Surajpur News: खबर का बड़ा असर: कलेक्टर रैना जमील का त्वरित एक्शन, कोरंधा पंचायत में आवास और मनरेगा अनियमितताओं की जांच शुरू