पेशावर। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शनिवार को हुए दो सिलसिलेवार धमाकों ने पूरे इलाके को दहला दिया। बन्नू जिले के मार्का बेरा क्षेत्र में हुए इन विस्फोटों में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। अभी तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार पहला विस्फोट सड़क किनारे लगाए गए एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) के फटने से हुआ। उस समय हाथी खेल गांव से बन्नू शहर जा रही एक यात्री वैन इसकी चपेट में आ गई। धमाके में वैन में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

पहले धमाके के बाद स्थानीय लोग और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे ही थे कि कुछ देर बाद उसी स्थान के पास दूसरा धमाका हो गया। इस विस्फोट में राहत कार्य में जुटे लोगों को निशाना बनाया गया, जिससे दो और लोगों की मौत हो गई। एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना के बाद घायलों और मृतकों के शवों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है तथा घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि दोनों धमाकों की गहन जांच की जा रही है और हमले के पीछे शामिल लोगों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने धमाकों को बेहद दुखद और दिल दहला देने वाला बताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाए।

शेयर करें

By admin